फिल्म अभिनेत्री रवीना टंडन ने जयपुर के झालाना में निहारा सिम्बा पैंथर को

जयपुर. बॉलीवुड अदाकारा रवीना टंडन (Raveena Tandon) सोमवार को राजधानी जयपुर के झालाना में जंगल सफारी (Jungle Safari in Jhalana) के लिए पहुंची. जयपुर में चहल-पहल के बीच में स्थित इस प्राकृतिक जंगल को देख रवीना टंडन अभिभूत हो गईं. जंगल सफारी के दौरान रवीना काफी खुश किस्मत भी रही. रवीना को एक ही ट्रिप में तीन पैंथर (Panther) नजर आ गये. रवीना टंडन ने झालाना के जंगल में युवा पैंथर कजोड़ उर्फ सिंबा और मादा पैंथर केसर तथा बगीरा को निहारा.राजधानी जयपुर का झालाना का जंगल बॉलीवुड की हस्तियों को काफी पसंद आ रहा है. जयपुर आई बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन भी इसके चर्चे सुनकर झालाना जंगल पहुचीं. रवीना ने जंगल को काफी सराहा. उन्होंने कहा कि शहर के बीच झालाना में काफी खूबसूरत जंगल है. जंगल सफारी के दौरान एक ही ट्रिप में तीन पैंथर देखने को मिल जाने से रवीना खुशी से फूली नहीं समाई.

रणदीप हुड्डा, रितेश देशमुख और जेनेलिया भी झालाना में जंगल सफारी कर चुके हैं
जंगल सफारी के दौरान उन्हें लंगूर, नीलगाय और मोर भी काफी तादाद में नजर आये. झालाना के वाइल्ड लाइफर हेमंत डाबी ने रवीना टंडन को जंगल सफारी कराई. रवीना करीब तीन घंटे तक झालाना के जंगल में रही. इससे पहले भी बॉलीवुड की कई हस्तियां झालाना जंगल में जंगल सफारी कर चुकी हैं. बॉलीवुड एक्टर रणदीप हुड्डा, रितेश देशमुख और जेनेलिया भी झालाना में जंगल सफारी कर चुके हैं.

अन्य पर्यटकों को काफी लुभा रहा है झालाना का यह जंगल
जयपुर का यह जंगल बॉलीवुड ही नहीं बल्कि यहां आने वाले अन्य पर्यटकों को काफी लुभा रहा है. जंगल में बड़ी संख्या में पैंथर हैं. हालांकि कई बार ये पैंथर शहर के आबादी वाले इलाके में आकर दहशत भी फैला देते हैं. झालाना जंगल सफारी की दिन प्रतिदिन बढ़ती लोकप्रियता से यह जयपुर ट्यूरिज्म के लिये बड़ा फायदेमंद साबित हो रहा है.
 

Leave a Reply