फ्रंटलाइन वर्कर्स को छह फरवरी से लगाया जाएगा कोरोना टीका

भोपाल । भोपाल में कोरोना टीकाकरण का दूसरा चरण छह फरवरी से शुरू करने की तैयारी है। इसमें फ्रंटलाइन वर्कर्स जैसे नगर निगम के कर्मचारी, पुलिसकर्मी, राजस्व विभाग के कर्मचारी और आपदा प्रबंधन से जुड़े कर्मचारी शामिल हैं। भोपाल में करीब 50 हजार फ्रंटलाइन वर्कर हैं। राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. संतोष शुक्ला ने बताया कि यह कर्मचारी आम लोगों के सीधे संपर्क में रहते हैं। कोरोना रोकथाम में भी इनकी ड्यूटी लगाई जाती है। ऐसे में इन्हें कोरोना से संक्रमित होने का खतरा ज्यादा रहता है। उन्होंने बताया कि संबंधित विभाग भारत सरकार द्वारा कोरोना टीकाकरण के लिए बनाए गए कोविन पोर्टल में कर्मचारियों की जानकारी सीधे दर्ज कर रहे हैं। तीन फरवरी तक तय हो जाएगा कि प्रदेश में कितने फ्रंटलाइन वर्कर्स को टीका लगाया जाएगा।

अतिरिक्त हैं डोज
स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने बताया कि केंद्र सरकार से प्रदेश को कोविशील्ड और कोवैक्सीन मिलाकर साढ़े 10 लाख डोज मिले हैं। इसमें दोनों खुराक मिलाकर करीब 8 लाख 70 हजार डोज स्वास्थ्यकर्मियों को लगने का अनुमान है। इसमें अधिकतम 10 फीसद बेकार जाने वाले डोज भी शामिल हैं। इस तरह 1 लाख 70 हजार खुराक अतिरिक्त हैं।

तीन को होगा टीकाकरण
प्रदेश भर में 31 जनवरी से दो दिन तक पल्स पोलियो अभियान चलेगा। इन दिनों कोरोना का टीकाकरण नहीं किया जाएगा। इसके बाद तीन फरवरी को कोरोना का टीका लगाया जाएगा।

तीन लाख कर्मचारियों को लगा टीका
प्रदेश भर में 16 जनवरी से शुरू हुए कोरोना टीकाकरण में 2,98,761 हितग्राहियों को टीका लगाया गया। रविवार को प्रदेश भर में 1135 केंद्रों में 52,195 हितग्राहियों को टीका लगाया गया। प्रदेश में केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार के स्वास्थ्यकर्मियों को मिलाकर 4 लाख 55 हजार हितग्राहियों का टीका लगाने के लिए पंजीयन किया गया है। अभी तक 60 फीसद लोग ही टीका लगवाने के लिए पहुंचे हैं। शनिवार को तय लक्ष्य से गुना और सीहोर में सिर्फ 25-25 फीसद टीकाकरण ही हो पाया। अशोक नगर में 31 फीसद, भोपाल और खंडवा में 38 फीसद रहा।

भोपाल में 38 फीसद लगा टीका
भोपाल में टीकाकरण के लिए 100 केंद्र बनाए गए थे। यहां पर 9717 स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया जाना था, लेकिन 3703 स्वास्थ्यकर्मी ही टीका लगवाने के लिए पहुंचे। भोपाल में 34,471 कर्मचारियों को टीका लगाया जाना है। इसमें अभी तक 20 हजार को टीका लग पाया है। यानी 42 फीसद कर्मचारी अभी टीकाकरण से बचे हुए हैं।

Leave a Reply