निकाय चुनाव में कांग्रेस का निशान हो जाएगा गायब

भोपाल । इंदौर में भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक का दूसरा सत्र रविवार को शुरू हुआ। सत्र में सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कार्यकर्ताओं को कई टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि समाज में अच्छा व्यवहार और आचरण रखना है। अच्छे व्यवहार से ही आप आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि अच्छे आचरण से ही वे खुद, प्रहलाद पटेल, कैलाश विजयवर्गीय जैसे कई नेताओं को बड़ी जिम्मेदारियां दी गईं। इंदौर में सत्ता और संगठन का जमावड़ा हो गया है। दरअसल, होटल क्रिसेंट में बीजेपी की चुनावी पाठशाला लगी है। इसमें निकाय चुनाव की रणनीति के साथ ही प्रदेश में भाजपा की दिशा और दशा पर मंथन किया गया। साथ ही यह भी तय किया गया है कि निगम चुनाव में ज्यादातर नए और युवा चेहरों को मौका दिया जाएगा। सीएम ने कहा कि आज अधिकांश किसान केंद्र सरकार के साथ खड़े हैं और उस कानून के साथ हैं। विपक्ष के नेता किसानों को भ्रमित कर रहे हैं। दूसरे के कंधों पर बंदूक रखकर चला रहे हैं। 26 जनवरी को जो आंदोलन हुआ दु:खद है। हमने तीन बातें तय की हैं। निगम चुनाव पूरी ताकत के साथ लड़ेंगे, आत्मविश्वास के साथ लड़ेंगे, नया बैंच मार्क स्थापित करेंगे। कांग्रेस का निशान गायब हो जाएगा। निगम चुनाव को लेकर माइक्रो लेवल पर प्लानिंग तैयार की जाएगी।

हमारा संगठन देश में बनेगा मिसाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने जिस सपने और जिस संगठन को खड़ा करने के लिए अपना जीवन खपाया, संगठन की नई टीम को उन सपनों को साकार करने के लिए मेहनत की पराकाष्ठा करनी है। प्रदेश के संगठन को देश में मिसाल बनाने के लिए काम करना होगा। प्रदेश का प्रत्येक कार्यकर्ता इस महायज्ञ में अपनी आहुति डालेगा और संगठन की नई टीम इसमें अपनी पूरी ताकत खपाने में जुटेगी।

तथ्यों के साथ दो जवाब
सीएम ने कहा कि हमें समाज के हर वर्ग से संवाद कर पार्टी को पहुंचाने का काम करना है। हर ग्राम केन्द्र, नगर केन्द्र और बूथ पर भाजपा को मजबूत करने का काम हमें करना है। जहां भी भाजपा कमजोर दिखती है वहां पार्टी को मजबूत करने की जिम्मेदारी प्रत्येक कार्यकर्ता की है। मुख्यमंत्री ने इस दौरान सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों के प्रचार प्रसार और सोशल मीडिया पर सक्रियता बनाए रखने व विपक्ष के हमलों का जवाब तथ्यों के साथ देने के लिए हर पल तैयार रहने का आह्वान पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से किया।

हम सत्ता के लिए राजनीति नहीं करते: वीडी
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि पार्टी का कार्यकर्ता सक्षम और समथज़् है। हमारे कार्यकर्ता संगठन को जीना चाहते हैं, इसीलिए हम सबसे बड़े राजनीतिक दल बने हैं। हम सत्ता के लिए राजनीति नहीं करते, बल्कि राजनीति के माध्यम से जनता की सेवा करते हैं। इसलिए भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी अधिक है। आगामी नगर निकाय चुनाव के लिए कार्यकर्ता कमर कसकर तैयार रहें। उन्होंने कहा कि पार्टी हर बूथ पर मजबूत हो और जहां पार्टी कार्यकर्ता कमजोर है वहां उसे मेहनत और परिश्रम के बल पर मजबूत करने की जिम्मेदारी हमारी है।

किसानों का हित सोच रही सरकार-राव
वहीं पी.मुरलीधर राव ने किसान आंदोलन को लेकर कहा कि इस मामले में सरकार किसानों के हित में सोच रही है। कृषि कानून बनने के बाद हमारी कोशिश है कि किसान किसी भी तरह से भ्रमित ना हों इसके लिए संवाद जारी है। अच्छे सुझावों के अनुरूप परिवर्तन करने के लिए तैयार है। पार्टी के कार्यकर्ता गांव गांव जाकर किसानों से चर्चा कर रहे हैं।

कांग्रेस गायब हो जाएगी- राव, जीतने के दिए टिप्स
इंदौर में सत्ता और संगठन के जमावड़े में नए कार्यकारिणी सदस्यों को संगठन सक्रिय रखने के सूत्र बताए गए। इसके अलावा बैठक में नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों को लेकर पार्टी की रूपरेखा भी तय की गई। यही नहीं किसान आंदोलन और दूसरे रा्र्रीय मुद्दों का मध्यप्रदेश पर असर को लेकर भी विमर्श किया गया। नगरीय निकाय चुनाव से पहले हो रही नवनियुक्त पदाधिकारियों की इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है। पदाधिकारियों को अगामी नगरीय निकाय चुनाव और पंचायत चुनाव के टिप्स दिए गए।

मालवी भोज बनेगा
पदाधिकारियों को मालवी भोज की व्यवस्था भी रही। रविवार को दोपहर में दाल-बाटी भी व्यंजनों में शामिल रही। सभी पदाधिकारियों के रुकने की व्यवस्था पार्क में ही की गई थी। लंच और डिनर के दौरान स्थानीय पदाधिकारी, सांसद, विधायक नव नियुक्त पदाधिकारियों से मुलाकात करने पार्क गए।

पहले सुनी मोदी की मन की बात
इंदौर के होटल में आयोजित पदाधिकारियों की बैठक में मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष समेत सभी प्रमुख वक्ताओं ने पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात सुनी। इसके बाद इन्होंने प्रदेश पदाधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखी। इसके पहले सीएम शिवराज का इंदौर पहुंचने पर एयरपोर्ट और अन्य स्थानों पर मंत्री तुलसी सिलावट, विधायक मालिनी गौड़, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता समेत अन्य पार्टी नेताओं ने स्वागत किया।

यह रहे मौजूद
पार्टी पदाधिकारियों की बैठक के उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश सह प्रभारी पंकजा मुंडे, बिशेश्वर टुडू, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, प्रदेश सह संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, राष्ट्रीय मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे, राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष सुधीर गुप्ता, अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य विशेष रूप से उपस्थित रहे।  

Leave a Reply