बजरंग दल के प्रखंड संयोजक सुरेन्द्र जडिया का मर्डर, 9 गोलियां मारी

शेखावाटी अंचल के चूरू जिले का सादुलपुर कस्बा एक बार फिर गोलियों की गूंज से दहल उठा. सादुलपुर कस्बे में पुलिस थाने से महज कुछ ही दूरी पर बदमाशों ने एक ट्रांसपोर्ट व्यवसायी को गोलियों से भून दिया. हमलावरों ने ट्रांसपोर्टर को 9 गोलियां मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. आरोपियों का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है. शुक्रवार को सुबह आक्रोशित लोगो ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बहल मोड़ पर सड़क पर जाम लगा दिया.
वारदात थाने से कुछ ही दूरी पर स्थित गणगौरी चौक के पास हुई. वहां हथियारबंद तीन-चार युवकों ने ट्रांसपोर्ट व्यवसायी सुरेन्द्र जडिया उर्फ ढिलीया की गोली मारकर हत्या कर दी. हमलावरों ने 38 वर्षीय सुरेन्द्र पर अंधाधुध फायरिंग की, जिससे उसके सिर, पेट और हाथ व पैर में गोलियां लगने से मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि हमलावरों ने एक दर्जन से भी अधिक गोलियां चलाई, जिनमें से नौ गोलियां सुरेन्द्र के लगी. बाइक पर आए नकाबपोश तीन चार बदमाशों ने इत्मीनान से इस वारदात को अंजाम दिया और बाद में फरार हो गए. हत्या की दिल दहला देने वाली यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.
हत्या का शिकार हुआ सुरेन्द्र जडिया बजरंग दल का प्रमुख कार्यकर्ता व प्रखंड संयोजक था. प्रथम दृष्टया वारदात का कारण पुरानी रंजिश बताया जा रहा है. मौके से पुलिस को कारतूस के खोल व एक मैगजीन मिली है. पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
 

Leave a Reply