बेटे के साथ बाइक पर जा रही मां फिसली और सबकुछ हो गया खत्म

भिलाई। राष्ट्रीय राजमार्ग पर रायपुर और भिलाई के बीच कुम्हारी में शुक्रवार की सुबह एक सड़क हादसे में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। महिला अपने बेटे के साथ बाइक में सवार होकर रायपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान महिला बाइक से गिर गई और पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गई। इससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम कंडरका निवासी मृतका रेवती बाई (67 साल) अपने बेटे के साथ बाइक से रायपुर की ओर जा रही थी। रास्ते में योगेश्वर टिम्बर के पास वो बाइक से नीचे गिर गई और पीछे से आ रहे ट्रक ने महिला का सिर कुचल दिया। घटना के बाद ट्रक ड्रायवर वहां से फरार हो गया। कुम्हारी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
