बड़े हादसे का शिकार होने से बची इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन, कोई हताहत नहीं

जयपुर. जोधपुर (Jodhpur) से जयपुर (Jaipur) जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस (Train Number- 22477) ट्रेन एक बड़े हादसे का शिकार होने से बच गई. जानकारी के अनुसार जोधपुर से जयपुर जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन शाम 4 बजकर 10 मिनट पर जोधपुर से निकली. इस दौरान खेड़ी सालवा स्टेशन के ट्रैक के पास सरियों से भरा एक डंपर खड़ा था और सरिए ट्रैक की ओर बाहर निकले हुए थे. ट्रेन के डंपर के पास से गुजरते समय सरियों से ट्रेन की बोगियों पर खिड़की के नीचे खरोचें आ गई.

हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. अगर सरियों से खिड़की तक रगड़ लगती तो बड़ा ट्रेन हादसा हो सकता था. सूचना मिलने पर मौके पर जीआरपी और आरपीएफ के जवान पहुंचे. सूत्रों के अनुसार ट्रैक के कार्य के दौरान सरियों से भरा हुआ डंपर बैक लेते वक्त चालक ट्रैक का सही अंदाजा नहीं लगा पाया. जिस कारण डंपर से बाहर निकले सरिए ट्रैक पर आ गए. तभी वहां से गुजर रही सुपरफास्ट इंटरसिटी एक्सप्रेस आ गई और सरिए ट्रेन की चपेट में आ गए.

मामले की जानकारी देते हुए खेड़ी सालवा स्टेशन मास्टर नरपत सिंह राठौड़ ने बताया कि घटना की रिपोर्ट बनाकर उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है.

Leave a Reply