बहरोड़ थाने पर हमला: हार्डकोर अपराधी विक्रम उर्फ पपला का नहीं लगा सुराग, 5 बदमाश गिरफ्त में

अलवर (Alwar) के बहरोड़ पुलिस थाने (Behror police station) पर AK-47 से हमला कर छुड़वाए गए हार्डकोर अपराधी विक्रम उर्फ पपला (Vikram alias Papala) का वारदात के 27 घंटे बाद भी कोई सुराग (Clue) नहीं लग पाया है. उसकी तलाश में जगह-जगह दबिशें दे रही पुलिस की टीमों ने फायरिंग कांड (Firing case) से जुड़े गैंग के 3 शातिर बदमाशों सहित 5 लोगों को अपनी गिरफ्त (arrested) में ले लिया है. पुलिस ने शक्रवार को दिन और रातभर चलाए सर्च ऑपरेशन (Search operation) में कई जगह दबिशें दी, लेकिन पपला उसके हाथ नहीं लग पाया. पपला की तलाश में राजस्थान पुलिस (Rajathan Police), एटीएस (ATS) , एसओजी (SOG) और क्यूआरटी (QRT) की टीमों ने लगातार राजस्थान समेत हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में 13 स्थानों पर दी दबिश दी. गिरफ्त में लिए गए बदमाशों से पूछताछ की जा रही है.

डीजीपी ने बहरोड़ थाने पहुंचकर देखे हालात

इस बीच पुलिस की दिनभर की भागदौड़ के बाद शुक्रवार देर रात पुलिस महानिदेशक भूपेन्द्र सिंह यादव बहरोड़ थाने पहुंचे. डीजीपी यादव ने थाने में आला अधिकारियों के साथ घटनास्थल का जायजा लिया. उन्होंने थाना परिसर में लगे गोलियों के निशान देखे और प्रत्यक्षदर्शियों से घटनाक्रम का ब्यौरा लिया. इस दौरान डीजीपी यादव ने कहा कि राजस्थान पुलिस इस चुनौती से निपटने में सक्षम है. बदमाश जल्द सलाखों के पीछे होंगे.

एसओजी टीम ने आधा दर्जन मोबाइल बरामद किए

वहीं फायरिंग मामले में ऑपरेशन की मॉनिटरिंग एडीजी एटीएस एवं एसओजी अनिल पालीवाल कर रहे हैं. दिनभर की भागदौड़ के बाद एसओजी ने डेढ़ दर्जन बदमाशों को ट्रैसआउट किया है. एसओजी टीम ने आधा दर्जन मोबाइल भी बरामद किए हैं. एसओजी ने हरियाणा पुलिस को बदमाशों के नाम-पते भेजे हैं. मामले की जांच एसओजी के एएसपी कारण शर्मा को सौंपी गई है. वहीं शुक्रवार देर रात बहरोड़ थानाप्रभारी सुगन सिंह ने इस संबंध में मामला दर्ज कराया है.

शुक्रवार को किया गया था थाने पर हमला

आपको बता दें कि शुक्रवार को सुबह करीब 2 दर्जन बदमाशों ने बहरोड़ थाने पर AK-47 राइफलों से हमला कर दिया था. बदमाशों ने थाने पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर वहां बंद हार्डकोर अपराधी अपने साथी विक्रम उर्फ पपला को छुड़वा लिया था और उसे लेकर फरार हो गए थे.
 

Leave a Reply