बांग्लादेश में बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच सात दिन का लॉकडाउन, दफ्तर-बाजार सब बंद  

ढाका ।  बांग्लादेश सरकार ने कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए देश भर में सोमवार से एक हफ्ते तक देशव्यापी लॉकडाउन का आदेश दिया है। ढाका ट्रिब्यून अखबार के हवाले से बताया गया है कि  बांग्लादेश के सड़क परिवहन मंत्री ओबैदुल कादिर ने शनिवार को पत्रकरों संग बातचीत में यह जानकारी दी। बांग्लादेश में शुक्रवार को कोरोना वायरस के 6,830 नए मामलों को दर्ज किए गए है, जो एक दिन में सबसे अधिक संख्या  है।
देश में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 6 लाख 24 हजार 594 पहुंच गई है। सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक 24 घंटे में 50 नई मौत से मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 9,155 हो गया है। इससे पहले बुधवार को कोरोना के 5,358 नए मामले दर्ज किए गए थे, जो पिछले साल मार्च में देश में महामारी के बाद से सबसे अधिक एकदिवसीय उछाल है।
सत्तारूढ़ अवामी लीग के महासचिव कादिर ने कहा कि कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने करने के लिए सरकार ने सोमवार से सात दिनों के लॉकडाउन को लागू करने का फैसला किया है, क्योंकि देश भर में मौतों के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। हालांकि, यह आदेश आपातकालीन सेवाओं पर लागू नहीं होगा।

Leave a Reply