बाइक पर चढ़ा अनियंत्रित ट्रैक्टर, साले की मौत, जीजा घायल

भोजपुर। भोजपुर जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र के धनडीहा हाई स्कूल मोड़ के समीप एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक सवार जीजा-साले को रौंद दिया। हादसे में साले की मौत हो गई, जबकि जीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल जीजा को कोईलवर पीएचसी मे भर्ती कराया गया है। लोगों ने बताया कि विपरीत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक सवार जीजा और साले में जोरदार टक्कर मार दी। इससे घटना घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार मृतक चांदी थाना क्षेत्र के रामडीहल टोला गांव निवासी सत्येंद्र सिंह का 18 वर्षीय पुत्र लवकुश कुमार है। जबकि जख्मी जीजा उदवंतनगर थाना क्षेत्र के घोड़पोखर गांव निवासी रामाज्ञा सिंह का पुत्र उत्पल कांत है। मृतक के मामा पप्पू यादव ने बताया कि वह सुबह अपने जीजा उत्पल कांत के साथ बाइक पर पीछे बैठकर बिहार पुलिस की परीक्षा देने पटना स्थित गांधी मैदान जा रहा था। इसी बीच धनडीहा हाई स्कूल मोड़ के समीप विपरीत दिशा से आ रही बेलगाम ट्रैक्टर ने उनकी बाइक पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। इलाज के दौरान लवकुश कुमार ने दम तोड़ दिया। जबकि जख्मी उसके जीजा इलाज कराया जा रहा है। घटना के बाद मृतक के घर पर कोहराम मच गया है। हादसे के बाद मृतक की मां एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
