बाइक सवार अपराधियों ने प्रॉपर्टी डीलर को गोलियों से किया छलनी, मौके पर मौत

पटना । राजधानी पटना में हथियारबंद अपराधियों ने एक युवक को गोलियों से छलनी कर दिया। इस गोलीबारी में युवक की मौके पर मौत हो गई। घटना की जानकारी स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। मृतक की पहचान सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के गुलबी घाट निवासी मोहम्मद जिया अहमद के रूप में हुई, जो प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। बताया जा रहा है कि मोहम्मद जिया बाइक पर सवार होकर मंडई के रास्ते अपने घर गुलबी घाट लौट रहा था, इसी दौरान मंडई मोहल्ले में पहले से घात लगाए अपराधियों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान अपराधियों ने उन्हें दर्जनों गोलियां मार दी और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि मृतक आपराधिक चरित्र का व्यक्ति था, जो कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुका था, आशंका जताई जा रही है की जमीन के विवाद को लेकर ही उसकी हत्या की गई है। घटना के बाद पटना सिटी डीएसपी मौके पर पहुंच कर पूरे मामले की छानबीन में जुटे हैं। वहीं, पुलिस आसपास के इलाको में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाल कर हत्यारों की पहचान करने में जुटी है।
