बिहार में बारिश से लुढ़का पारा, किसानों को मिली राहत

पटना: बिहार की राजधानी पटना सहित राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में रविवार से रुक-रुककर हो रही बारिश मंगलवार को भी जारी है. इस बीच पटना में सोमवार की तुलना में मंगलवार को तापमान में भी मामूली गिरावट दर्ज की गई है. पटना का मंगलवार को न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, मंगलवार को भागलपुर का न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस, गया का 25.6 डिग्री सेल्सियस और पूर्णिया का 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में छिटपुट बारिश होने के आसार हैं. इस दौरान कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद जताई जा रही है.
सोमवार को पटना का अधिकतम तापमान 28़.8 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मंगलवार को पटना का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा. पिछले 24 घंटे के दौरान पटना में 49.70 तथा पूर्णिया में 34.60 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है.
