बेटा नहीं हुआ तो शख्स ने की तीसरी शादी, विरोध करने पर पहली पत्नी की हत्या

पलवल में लड़का नहीं होने पर एक महिला की हत्या करने का मामला सामने आया है.  तीस वर्षीय महिला की  करीब 15 साल पहले शादी हुई थी, जिसकी दो बेटियां भी हैं. बेटा नहीं होने की बात कहकर पति ने दूसरी महिला के साथ शादी कर ली  और उसे भी घर में रख लिया. इत्तेफाक से दूसरी पत्नी को भी एक बेटी हुई और उसके बाद उसको कोई संतान नहीं हुई.  इसके बाद ‘घर का चिराग’ नहीं होने की बात कहकर शख्स ने तीसरी शादी कर ली.  तीसरी शादी का विरोध करने पर शख्स ने अपनी पहली पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी. मामले में पुलिस ने आरोपी पति और सास के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है.

मृत महिला के परिजनों ने बताया कि किरणवती की शादी करीब 15 साल पहले हथीन उपमंडल के गांव  भमरोला जोगी निवासी ओम प्रकाश के साथ की थी.  शादी के बाद किरणवती ने दो बेटियों को जन्म दिया था. उसके बाद उसको जो भी संतान हुई वह जीवित नही रह सकी.  घर में बेटे की लालसा के चलते ओमप्रकाश ने कुछ साल बाद एक अन्य महिला के साथ शादी कर किरणवती पत्नी के साथ ही घर में रख लिया.

दूसरी पत्नी को भी नहीं हुआ बेटा तो की तीसरी शादी-

इत्तेफाक से दूसरी पत्नी को भी एक बेटी ही हुई और उसके बाद फिर कोई संतान नहीं हुई.  इसके बाद ओमप्रकाश ने एक अन्य महिला के साथ शादी कर ली और उस महिला को गुप्त रूप से पलवल के ओमेक्स सिटी में रख लिया. जब किरणवती को इसकी जानकारी मिली तो उसने इसका विरोध किया. जिसपर ओमप्रकाश ने किरणवती की  हत्या कर दी और हत्या को स्वाभाविक मौत बता दिया. जिसपर किरणवती के मायके वालों को विश्वास नही हुआ.

आरोपी फरार-

मामले में जांच अधिकारी का कहना है कि उन्हें सूचना मिली थी भमरोला  जोगी गांव में एक महिला की मौत हो गई है.  जाकर देखा तो महिला का शव घर के अंदर पड़ा हुआ था. मृतका के भाई की शिकायत पर उसके पति तथा सास के खिलाफ आईपीसी की धारा 304 बी के तहत मुकदमा दर्ज कर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी अभी आरोपी गिरफ्तार नहीं हुआ है.
 

Leave a Reply