भर्ती महिला को सूप में परोसी गई खून से सनी पट्‌टी, अस्पताल ने कहा-हड़ताली कर्मचारियों ने ऐसा किया

पुणे. शहर के प्रतिष्ठित जहांगीर अस्पताल में भर्ती महिला मरीज को परोसे गए सूप में खून से सनी पट्टी मिलने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला के पति ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। वहीं, दूसरी तरफ हॉस्पिटल प्रशासन का कहना है कि कुछ कर्मचारी हड़ताल पर हैं। उन्होंने जानबूझकर यह किया है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
 
जानकारी के मुताबिक, महेश सतपुते नाम के व्यक्ति ने अपनी पत्नी को डिलीवरी के लिए हॉस्पिटल में एडमिट कराया। सतपुते ने कहा,'मैंने पत्नी को 29 अप्रैल को अस्पताल में भर्ती कराया था और उसी दिन उसने एक बच्ची को जन्म दिया। रविवार को उसे सूप का एक कटोरा दिया गया। मैंने उसमें कुछ देखा और उसे हटा दिया। वह खून लगी हुई रूई की पट्टी थी।'

इस मामले में विवाद बढ़ने पर अस्पताल के अधिकारियों ने कहा कि कुछ कर्मचारियों द्वारा की गई लापरवाही है, जो वर्तमान में हड़ताल पर है। अस्पताल अज्ञात के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया में है। जाहांगीर हॉस्पिटल के तकरीबन 300 कर्मचारी पिछले एक सप्ताह से हड़ताल पर हैं।

सतपुते ने रविवार को ही शिवजीनगर पुलिस स्टेशन में हॉस्पिटल के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज करवाई। सबूत के रूप में उन्होंने पुलिस को एक वीडियो भी सौंपा है। मामले की जांच कर रहे पुलिस इंस्पेक्टर मदन बहादुरपुरे ने कहा, 'जहांगीर अस्पताल में महिला को दिए गए सूप में रूई के फाहे मिलने की शिकायत है और इस मामले में पूछताछ चल रही है।'

Leave a Reply