भागलपुर में युवा बजरंग दल अध्यक्ष सह बॉक्सिंग कोच की चाकू से गोद-गोदकर हत्या

भागलपुर:सैंडिस कंपाउड गेट पर करीब दो दर्जन युवकों ने युवा बजरंग दल के अध्यक्ष कृष्ण देव राज उर्फ शामू उर्फ यदुवंशी बादशाह की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। हमलावरों ने करीब नौ बार युवक को चाकू घोंपा। वह कृष्णदेव मार्शल आर्ट का राज्यस्तरीय खिलाड़ी था। वे भागलपुर में युवाओं को बॉक्सिंग की ट्रेनिंग देते थे।
हमले के दौरान उसे बचाने में गए तीन अन्य युवक घायल हो गए। उसमें मूलरूप से रोहतास निवासी शानू कुमार उर्फ संकेत, बरारी का रितेश कुमार और तारापुर का श्याम कुमार शामिल है। संकेत कहलगांव एसडीपीओ के बॉडीगार्ड संतोष कुमार का पुत्र है। घटना की जानकारी पर सिटी डीएसपी राजवंश सिंह समेत कई थानों की पुलिस अस्पताल पहुंची। वारदात में शामिल अपराधियों का चेहरा नगर निगम के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है।
ननिहाल में ही पला बढ़ा है कृष्ण देव : कृष्णदेव के मामा कुमार गौरव ने बताया कि कृष्ण देव मूलरूप से पीरपैंती के बकिया दियारा का रहने वाला है। बचपन में ही उसे पिता और मां ने छोड़ दिया था। इस कारण उसे उन लोगों ने ही पाल पोस कर बड़ा किया है। उसने स्नातक तक की पढ़ाई की है। जीरोमाइल थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में मामा के घर ही पला बढ़ा था। उन्होंने बताया कि शाम में अचानक उसके दोस्तों से सूचना मिली कि किसी ने कृष्ण देव का बुरी तरह मारा है। इसके बाद वे लोग अस्पताल पहुंचे। जहां उसकी मौत हो गई थी।
पंचिंग बैग फाड़ने के विवाद में हुई थी मारपीट
घायल संकेत ने बताया कि कृष्ण देव सैंडिस कंपाउंड में मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग देता था। वे लोग भी उसी के पास मार्शल आर्ट सीखते थे। बुधवार को कुछ लड़कों ने आकर उन लोगों के पंचिंग बैग को फाड़ दिया था। इस लेकर मारपीट भी हुई थी।
तिलकामांझी पुलिस चौकी पहुंचा था मारपीट का मामला
कृष्ण देव के दोस्तों के मुताबिक बुधवार की शाम सैंडिस में उन लोगों का आर्यन नाम के युवक से झगड़ा हुआ था। यह मामला तिलकामांझी पुलिस चौकी भी पहुंचा था। लेकिन दोनों पक्षों में सुलह के बाद मामला शांत हो गया।
मारपीट की जानकारी मौजूद पुलिस वालों की दी, नहीं ली सुध
जिस समय कृष्ण देव की बदमाश सैंडिस गेट पर बुरी तरह पिटाई करते हुए चाकू से गोद रहे थे। वहीं पर नजदीक में पुलिस की गाड़ी पर कुछ पुलिसकर्मी मौजूद थे। मारपीट की जानकारी मौजूद लोगों ने उन तक पहुंचाई। लेकिन पुलिस वालों ने उनका मामला नहीं होने की बात कहकर मामला टाल दिया। स्थानीय लोगों के मुताबिक वहीं पास में ही एक होटल में नेताओं का कार्यक्रम चल रहा था।
मायागंज अस्पताल पहुंचे केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी चौबे
युवा बजरंग दल अध्यक्ष कृष्ण देव की हत्या की बात सुनकर केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने घायल सोनू से बात करने के बाद मृतक के परिजनों को ढाढ़स बंधाया। उन्होंने डीआइजी विकास वैभव से इस मामले में बातचीत की।
इसके बाद अस्पताल में मौजूद सिटी डीएसपी राजवंश सिंह से जांच के ¨बदू पर बात की। अश्विनी चौबे ने कहा कि कृष्ण देव की हत्या दुखद है। इस मामले में उन्होंने पुलिस के आलाधिकारियों से बात की है। उन्होंने जल्द अपराधियों के गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है। अश्विनी चौबे के साथ अस्पताल अधीक्षक आरसी मंडल, भाजपा नेता अर्जित शाश्वत चौबे, विश्व हिन्दू परिषद के विभाग संपर्क प्रमुख राकेश कुमार सिन्हा, भाजपा के प्रवक्ता रोशन कुमार सिंह, देव कुमार पांडेय समेत अन्य शामिल थे।
