भाजपा के एक और विधायक कोरोना संक्रमित, संपर्क में आए लोगों से टेस्ट की अपील

अहमदाबाद |  गुजरात में भाजपा और कांग्रेस के नेता एक के बाद एक कोरोना संक्रमित हो रहे हैं| खासकर गुजरात में स्थानीय निकाय चुनावों के बाद कोरोना के रोजाना केसों में रिकार्ड वृद्धि हो रही है| लगातार बढ़ते कोरोना के चलते अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत और राजकोट समेत चार महानगरों में रात्रिकालीन कर्फ्यू लगा दिया गया है| साथ ही राज्यभर में प्रशासन कोविड की गाइडलाइन को लेकर सख्त है| इसके बावजूद राज्य में कोरोना हर दिन नए रिकार्ड बना रहा है| कोरोना की चपेट में आम ही नहीं खास लोग भी आ रहे हैं| अब तक भाजपा और कांग्रेस के नेता कोरोना संक्रमित हो चुके हैं| अब वलसाड से भाजपा विधायक भरत पटेल कोरोना संक्रमित हुए हैं| कोरोना की पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद भरत पटेल ने फेसबुक के जरिए कोरोना संक्रमित होने की जानकारी दी| साथ ही पिछले 7 दिनों में उनके संपर्क में आए लोगों से तत्काल कोरोना टेस्ट कराने की अपील की है| दूसरी ओर सूरत की महापौर हेमाली बोघावाला की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है| आरटी-पीसीआर टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद हेमाली बोघावाला होम कोरन्टाइन हैं| बता दें कि राज्यभर में अहमदाबाद और सूरत में कोरोना का सबसे ज्यादा कहर है| शनिवार को सूरत में सबसे अधिक 760 कोरोना के केस सामने आए| दूसरे नंबर पर अहमदाबाद में 612 कोरोना संक्रमित दर्ज हुए| राज्य में कोरोना केसों में लगातार इजाफा हो रहा है और इससे स्वस्थ होने का दर घटकर 94.86 हो गया है|

Leave a Reply