धुलेंडी पर रंग खेला तो कट जाएगा नल और गटर कनैक्शन, एएमसी की चेतावनी

अहमदाबाद | शहर में कोरोना संक्रमण बढ़ने के कारण होली-धुलेंडी के सार्वजनिक आयोजनों पर रोक लगा दी गई है| होलिका दहन की मंजूरी जरूर दी गई है जिसमें सीमित संख्या में लोग शामिल हो सकेंगे| लेकिन धुलेंडी पर रंगोत्सव पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है| अहमदाबाद महानगर पालिका ने इस संदर्भ में एसओपी जारी की है| दो दिन के लिए राज्य सरकार की गाइडलाइन के मुताबिक सभी क्लब, स्वीमिंग पुल, पार्टी प्लोट समेत मंदिरों में होनेवाले रंगोत्सव पर रोक लगा दी है| इसके अलावा सोसायटी और फ्लैट में रहनेवाले को एएमसी ने नियमों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी दी है| यदि सोसायटी और फ्लैट में बड़ी संख्या में एकत्र होकर लोग रंग खेलते हैं तो नल और गटर कनैक्शन काट दिए जाएंगे| महानगर पालिका की 200 लोगों की टीम धुलेंडी पर्व पर ऐसी घटनाओं पर नजर रखेगी| यदि किसी सोसायटी, फ्लैट या सार्वजनिक स्थल पर लोग रंग खेलते पकड़े गए तो कार्यवाही की जाएगी| सोशल मीडिया या अन्य माध्यम से महानगर पालिका को कोई जानकारी मिलती है तो उसके आधार पर कार्यवाही की जा सकती है| सड़कों पर रंग खेलना या आने-जाने वाले वाहन चालकों से रुपए उगाही करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी| कोरोना संकट के बीच होली और धुलेंडी पर्व को लेकर पुलिस भी सतर्क है और आज व कल रात्रिकालीन कर्फ्यू का कड़ाई से पालन करवाएगी|
