भाजपा नेता साक्षी महाराज का हमला, बोले- किसानों के नाम पर राजनीतिक रोटियां सेंक रहे राकेश टिकैत

चूरू. भाजपा नेता और यूपी के उन्नाव से भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने शुक्रवार को सालासर बालाजी के दर्शन किए। साक्षी महाराज ने देश में चल रहे किसानों के प्रदर्शन पर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि असली किसान खेतों में काम कर रहे हैं, लेकिन जो लोग सड़कों पर बैठे हैं, वह किसानों के नाम पर राजनीति कर रहे हैं. साक्षी महाराज ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि ने कहा कि राकेश टिकैत जैसे नेता किसानों के नाम पर राजनीतिक रोटियां सेक रहे हैं. उन्होनें कहा कि टिकैत ने 2014 में भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ा था. उस दरमियान टिकैत की जमानत जब्त हो गई थी.
साक्षी महाराज ने कहा कि पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों में आने वाले परिणामों से दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा. वहीं, सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि सालासर बालाजी के दर्शन कर राष्ट्र निर्माण के लिए ताकत मांगी है. सांसद ने कहा कि बंगाल, असम सहित पांच प्रदेशों में होने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा को सफलता मिलेगी. साथ ही उन्होनें कहा कि केरल में बढ़ रही राक्षसी प्रवृतियां रोकने के लिए भाजपा केरल में अपनी सरकार बनाएगी.
भाजपा ने वो किया, जो कांग्रेस 70 साल में नहीं कर पाई
साक्षी महाराज ने कहा कि मोदी सरकार ने राम मंदिर का निर्माण करवाने, कश्मीर से धारा 370 हटाने सहित जनहित के कई बड़े कार्य किये, जो कांग्रेस 70 सालों में नही कर पाई. मंदिर दर्शन करने के लिए साक्षी महाराज के बालाजी मंदिर पहुंचने पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य मांगीलाल पुजारी, श्री हनुमान सेवा समिति के अध्यक्ष यशोदानंदन पुजारी, उपाध्यक्ष मनोज पुजारी, बबलू पुजारी, कमल पुुजारी, प्रकाश पुजारी सहित पुजारी परिवार के सदस्यों ने बालाजी की प्रतिमा भेंट कर स्वागत किया.
