भोपाल में हजारों की संख्या में जुटे साधु-संत, दिग्विजय सिंह की जीत के लिए रमा रहे धूनी

भोपाल: मध्य प्रदेश की भोपाल लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह के समर्थन में अब साधु-संत भी मैदान में उतर आए हैं और उनको साधु-संतो का यह समर्थन मिला है शिवराज सरकार में मंत्री पद संभाल चुके कंप्यूटर बाबा के चलते. दरअसल, विधानसभा चुनाव के दौरान विधायकी के टिकट की मांग कर रहे कंप्यूटर बाबा को भाजपा की तरफ से किसी तरह के आसार नजर नहीं आ रहे थे, जिसके बाद कंप्यूटर बाबा ने भाजपा को अलविदा कह दिया था. जिसके बाद अब कंप्यूटर बाबा खुलकर कांग्रेस का समर्थन कर रहे हैं और इसी क्रम में वह 7 हजार साधू-संन्यासियों के साथ मिलकर दिग्विजय सिंह के समर्थन में चुनाव प्रचार कर रहे हैं.
कंप्यूटर बाबा देश भर के करीब 7 हजार साधू-संतों के साथ मिलकर हवन-यज्ञ भी कर रहे हैं. भोपाल के कोहेफिजा स्थित सेफिया कॉलेज ग्राउंड में साधु संत इकट्ठा होकर धुनी रामा रहे हैं और दिग्विजय सिंह की जीत के लिए हवन कर रहे हैं.
बता दें प्रदेश में देश भर से उमड़े ये साधू-संत 7, 8 और 9 मई तक भोपाल में दिग्विजय को जिताने के लिए धुनि तापेंगे और यज्ञ भी करेंगे, यही नहीं इसके बाद दिग्विजय सिंह के समर्थन में प्रचार-प्रसार भी करेंगे.
देश भर से एकत्रित करने वाले कंप्यूटर बाबा ने यहां कहा कि 'बीजेपी सरकार पांच सालों में राम मंदिर नहीं बना पाई. अब राम मंदिर नहीं तो मोदी भी नहीं.'
पहले ही कंप्यूटर बाबा ने दिग्विजय सिंह के समर्थन की बात कहते हुए बताया था कि वह भोपाल में करीब 7 हजार साधू-संतों के साथ मिलकर उनके समर्थन में चुनाव प्रचार करेंगे.
इस दौरान कंप्यूटर बाबा ने बीजेपी प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधते हुए साध्वी प्रज्ञा को रावण तो शिवराज सिंह को शकुनी मामा बताया था.
