भ्रष्ट लोग लगा रहे सरकारी खजाने को चूना-अलका

जयपुर । भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री डॉ. अलका गुर्जर ने कोरोना बचाव नीतियों की आड़ में लगातार हो रहे भ्रष्टाचार पर राजस्थान सरकार की अनदेखी को निशाना बनाते हुए कहा कि कोरोना रूपी वैश्विक आपदा से जहां पूरा देश जूझ रहा है, हर नागरिक अपने भविष्य को लेकर चिंतित है वहीं राजस्थान में कोरोना से बचाव की आड़ में भ्रष्ट लोग सरकारी खजाने को चूना लगाने में लगे हुए हैं और नवाचार के नाम पर जनता से सीधे ई-मेल पर जुडऩे का प्रचार करने वाले मुख्यमंत्री पता नहीं क्यों मौन है?
अलका ने कहा कि सभी को पता चल चुका है कि मास्क घोटाला, पीपीई किट घोटाला, जांच के लिए एंटीबॉडी टेस्ट किट खरीद घोटाला, सैनिटाइजर घोटाला और अनेकों अन्य करोड़ों रुपए के इन घोटालों ने इस कोरोना कहर में मासूम जनता की खून पसीने की कमाई को धता बताते हुए सिर्फ कुछ भ्रष्टाचारियों को पीढिय़ों तक के लिए निहाल कर दिया है, लेकिन पता नहीं क्यों सरकार और मुखिया अनभिज्ञ होने का दिखावा कर रहे हैं, जिससे मानवता का चीर हरण करने वाले इन अमानुषों के हौंसले बुलंद हो रहे हैं। राजस्थान में कोरोना का कहर जितना बढ़ रहा है, उससे चैगुनी तेजी से इन भ्रष्टाचारियों का हौंसला बढ़ रहा है, मैं मुख्यमंत्री से मांग करूंगी कि तुरंत कदम उठाएं और उचित जांच करवाकर इस विषम समय में भी राजकोष में सेंध लगाकर करोड़ों रुपए का गबन करने के खेल में लिप्त सभी लोगों व सुपरवाईजरी नेगलिजेंसी के लिये भी जिम्मेदारों पर कानूनी कार्यवाही कर राजस्थान की पहले से पीडि़त जनता को और ज्यादा लहूलुहान होने से बचाएं।
