महंगा पड़ सकता है सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो अपलोड करना

अलवर. हथियारों (Weapons) के साथ फोटो (Photo) खींचकर और वीडियो (Video) बनाकर उन्हें सोशल मीडिया (Social media) में अपलोड (Upload) करने वाले अपराधी (Criminal) और अन्य लोग सावधान (Careful) हो जाएं. पुलिस (Police) ने अब सोशल मीडिया में हथियारों के साथ फोटो और वीडियो अपलोड करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई (Strict action) करनी शुरू कर दी है. अलवर के भिवाड़ी (Bhiwadi of Alwar) में ऐसे आधा दर्जन लोगों के खिलाफ पुलिस ने आर्म्स एक्ट (Arms act) में मामले दर्ज कर उनकी तलाश (Search) शुरू कर दी है.
3 थानों में 6 लोगों के खिलाफ मामले दर्ज
अलवर के भिवाड़ी पुलिस अधीक्षक अमनदीप कपूर की ओर से सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो और वीडियो अपलोड करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई शुरू की गई है. भिवाड़ी पुलिस जिले के अधीन 3 थाना पुलिस ने ऐसे मामलों में स्वयं संज्ञान लेते हुए 6 व्यक्तियों के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं.
सोशल मीडिया एकाउंट का चलाया था सर्चिंग अभियान
पुलिस अधीक्षक भिवाड़ी अमनदीप सिंह कपूर ने बताया कि गत कुछ दिनों से क्षेत्र में सोशल मीडिया पर आपराधिक किस्म के व्यक्तियों द्वारा आपत्तिजनक संदेश और हथियारों के साथ फोटो-वीडियो डालकर आमजन में भय और वैमनस्यता फैलाई जा रही है. इस पर थानाधिकारियों को निगरानी और सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए थे. उन्हीं की पालना में थानाधिकारियों ने अपराधियों के सोशल मीडिया अकाउंट फेसबुक, व्हाट्सएप, ट्वीटर, इंस्टाग्राम और टेलीग्राम के सर्चिंग का अभियान शुरू किया.
इन 6 लोगों के खिलाफ दर्ज हुए मामले
इसके बाद थाना बानसूर थाने में श्यामपुरा के काशू की ढाणी निवासी मोहर सिंह गुर्जर, बहरोड़ थाना पुलिस ने बानसूर निवासी मोनू गुर्जर व बहरीपुर निवासी टाइगर गुर्जर और भिवाड़ी थाना पुलिस ने सैदपुर निवासी पवन दायमा, आलमपुर के बाबू गुर्जर व धारा सिंह गुर्जर के खिलाफ आईटी एक्ट व आर्म्स एक्ट में मामले दर्ज किए हैं. पुलिस ने इनकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है. उल्लेखनीय है ऐसा कई बार हो चुका है कि अपराधी हथियारों के साथ फोटो और डांस करते हुए वीडियो सोशल मीडिया में अपलोड कर देते हैं. इससे आमजन में भय व्याप्त हो जाता है.
