महाराष्ट्र / आज कांग्रेस के गढ़ नांदेड़ में मोदी; चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे

नांदेड़. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारतीय जनता पार्टी के नांदेड़ लोकसभा सीट से उम्मीदवार प्रताप पाटिल-चिखलीकर के पक्ष में शनिवार शाम को एक जनसभा को संबोधित करेंगे। नांदेड़ सिखों का पवित्र धार्मिक स्थल है।
चिखलीकर के खिलाफ कांग्रेस के सांसद अशोक चव्हाण चुनाव लड़ रहे हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने भाजपा के दिगंबर बापूजी पाटिल को नांदेड़ सीट से हराया था।
नांदेड लोकसभा सीट कांग्रेस का गढ़ है। इस सीट पर अब तक 19 बार चुनाव हुए हैं। इनमें से 15 बार कांग्रेस जीती है। हाल ही में एक चर्चा ने जोर पकड़ा था कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी यहां से चुनाव लड़ेंगे।
