महावर कोली समाज में सर्वमान्य संगठन के लिए घर-घर सदस्यता अभियान का हुआ आगाज़ 

इन्दौर । महावर कोली समाज में सर्वमान्य संगठन के गठन की दिशा में महावर कोली समाज वेलफेयर सोसायटी (रजि.) इन्दौर का घर-घर सदस्यता अभियान का आगाज शाम 6 बजे से सामाजिक कार्यकर्ता विजय खंडेलवाल के निवास महावर नगर, अन्नपूर्णा रोड़, से सोसायटी के अध्यक्ष प्रकाश महावर कोली, सचिव दिलीप खंडेलवाल एवं कोषाध्यक्ष प्रहलाद टाटवाल की उपस्थिती में हुआ। घर-घर सदस्यता अभियान के पहले चरण में 500 सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है, शुरुआती दौर में आज 50 समाजबंधुओं ने उत्साह के साथ सदस्य बनकर समाज के प्रति अपनी जागरुकता दिखाई। 
महावर कोली समाज वेलफेयर सोसायटी के सचिव दिलीप खंडेलवाल ने बताया कि 500 सदस्यों का लक्ष्य पूरा होते ही सहकारिता के नियमों के आधार पर मतदान पद्धति से चुनाव कराए जाएंगे। महावर कोली समाज वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष प्रकाश महावर कोली ने इस अवसर पर कहा कि हम सर्वमान्य संगठन के अभाव में सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक, राजनैतिक एवं रचनात्मक विकास से कोसों दूर है। समाज के इस सर्वमान्य संगठन के माध्यम से समाज में आपसी वैमनस्यता एवं मनमुटाव का खात्मा होने के साथ ही समाज के विकास में नये आयाम स्थापित होंगे। इस अवसर पर अभिषेक मेहर, श्रीमती कृष्णा खंडेलवाल, इन्दौरीलाल खंडेलवाल ने सदस्य बनकर सदस्यता अभियान की शुरुआत की।

Leave a Reply