महिलाओं को शिक्षित, सक्षम बनाने चार ‘ई’ योजना पर काम करेगा महिला मोर्चा

 भोपाल । महिलाओं को शिक्षित, स्वाबलंबी और सशक्त बनाने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकारों की कई योजनाएं चल रही हैं और कई नई योजनाएं शुरू की जा रही हैं। पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार अब महिला मोर्चा भी इन योजनाओं में सक्रिय भागीदारी करेगा। महिला मोर्चा की देहरादून में हुई राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में यह तय किया गया है कि मोर्चा अधिक से अधिक बहनों तक इन योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए चार ‘ई’ यानी एजुकेशन, एंटरप्रेन्योरशिप, एंपलॉयमेंट और एम्पॉवरमेंट की योजना पर काम करेगा। यह बात भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती माया नारोलिया ने गुरुवार को मीडिया से चर्चा के दौरान कही। उन्होंने देहरादून में हुए महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी भी मीडिया से साझा की।

75 बहनों को जोड़ेंगी महिला मोर्चा की हर पदाधिकारी

महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती माया नारोलिया ने 4 ‘ई’ केंद्र योजना की जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय कार्यसमिति में लिए गए निर्णय के अनुसार इस योजना की मॉनीटरिंग के लिए प्रदेश स्तर पर एक केंद्र बनाया जाएगा। मोर्चा की प्रदेश, जिला एवं मंडल स्तर तक की पदाधिकारी इस योजना में शामिल होंगी। हर पदाधिकारी 75 महिलाओं को अपने साथ जोड़ेंगी और उन्हें शिक्षित, सशक्त बनाने, रोजगार उपलब्ध कराने तथा उनमें उद्यमशीलता के विकास के लिये प्रयास करेंगी। मोर्चा पदाधिकारी इन महिलाओं, युवतियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़कर उनका लाभ दिलाएंगी।

बच्चों को कुपोषण मुक्त बनाने काम करेगा महिला मोर्चा

 श्रीमती नारोलिया ने बताया कि बच्चों को कुपोषण से मुक्त और स्वस्थ बनाने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकारें लगातार प्रयास कर रही हैं। हाल ही में प्रधानमंत्री श्री मोदी की सरकार ने प्रधानमंत्री पोषण योजना शुरू की है, जिसमें प्री स्कूलों के बच्चों को भी मिड डे मील उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा केंद्र सरकार छोटे बच्चों में कुपोषण दूर करने के लिए फोर्टिफाइड राइस उपलब्ध कराने जा रही है। इस चावल में सभी आवश्यक सूक्ष्म पोषक तत्व उपलब्ध होंगे। इसके लिए महिला मोर्चा की बहनों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिसके बाद वे फोर्टिफाइड राइस का लाभ अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाने के लिए काम करेंगी। श्रीमती नारोलिया ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान की सरकार के प्रयासों से प्रदेश के कुपोषित बच्चों में से 47 प्रतिशत अब स्वस्थ हो गए हैं। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा की बहनें राज्य सरकार के साथ मिलकर काम करते हुए घर-घर जाएंगी। सर्वें करेंगी और कुपोषित बच्चों की खोज कर उनका उपचार शुरू कराएंगी, ताकि उन्हें कुपोषण मुक्त किया जा सके।  

हर राशन दुकान से मोदी जी के लिए 100 धन्यवाद पत्र भेजने में सहयोग करेगा मोर्चा

श्रीमती नारोलिया ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के जन्मदिन के अवसर पर चलाए जा रहे सेवा और समर्पण अभियान में महिला मोर्चा की सक्रिय भागीदारी रही है। 17 सितम्बर को मोर्चा द्वारा प्रदेश के 53 जिलों में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए, जिसमें बहनों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें दवाएं दी गईं। नमो उपवन में महिला मोर्चा की बहनों ने पौधे रोपे हैं। इसी तरह आगामी 07 अक्टूबर को मनाए जाने वाले अन्न उत्सव में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ महिला मोर्चा की बहनों की भी भागीदारी होगी। मोर्चा की बहनें सभी 25435 राशन दुकानों पर उपस्थित रहेंगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक राशन दुकान पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के लिए 100 धन्यवाद पत्र लिखे जा रहे हैं। मोर्चा की बहनें इन धन्यवाद पत्रों को प्रधानमंत्री जी तक पहुंचाने में सहयोग करेंगी।   

Leave a Reply