मुंबई एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा, उड़ान भरते वक्त रनवे से फिसला IAF का विमान

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में मंगलवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. यहां मुंबई एयरपोर्ट पर भारतीय वायुसेना का एक विमान AN-32 उड़ान भरते वक्त रनवे को पार कर गया. गनीमत ये रही कि इस हादसे में किसी व्यक्ति को कोई चोट नहीं पहुंची है. मुंबई एयरपोर्ट के अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है.
जानकारी के मुताबिक, यह विमान मुंबई से बेंगलुरु के येलाहांका एयरफोर्स स्टेशन के लिए जा रहा था. इस हादसे की वजह से 50 अन्य विमानों पर असर पड़ा है. कुछ विमानों का समय बदल दिया गया है तो कुछ की उड़ानें टाल दी गई हैं. वहीं, घटना के बाद से ही फिलहाल एयरपोर्ट के रनवे नंबर 27 को बंद कर दिया गया है.
एयरपोर्ट प्रशासन कहा कि मंगलवार रात करीब 11 बजकर 39 मिनट पर भारतीय वायु सेना का AN-32 विमान रनवे-27 पर ओवर रन कर गया. ये विमान मुंबई से येहलांका एयरफोर्स, बेंगलुरु के लिए उड़ान भर रहा था. बता दें कि मुंबई एयरपोर्ट का रनवे-27 आम ऑपरेशन के लिए चालू नहीं रहता है. इसी वजह से जिस वक्त ये हादसा हुआ तो रनवे के आसपास के क्षेत्र में कोई नहीं था.
