मुंबई में अभी भी 136 ब्रिज खतरनाक

मुंबई। गुरुवार शाम मुंबई में छत्रपति शिवाजी टर्मिनस स्टेशन से सटे हिमालय फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) का अधिकांश हिस्सा अचानक ढह गया. आपको ये जानकर हैरानी होगी कि मुंबई में अब भी १३६ ब्रिज खतरनाक स्थिति में हैं. इन ब्रिज पर वाहनों के साथ-साथ लोगों का आवागमन निरंतर जारी रहता है, जिससे भविष्य में यहां कोई बड़ी दुर्घटना होने की संभावनाएं से इंकार नहीं किया जा सकता है. गौरतलब हो कि वर्ष २०१६ में मुंबई से सटे रायगढ़ जिला के महाड में हुए पुल हादसे के बाद मुंबई महानगरपालिका ने सभी जर्जर पुलों का सर्वेक्षण शुरु किया था. मनपा के अधीन आने वाले फ्लाईओवर, एफओबी, आरओबी सहित ३७४ पुलों में से १८६ पुल जर्जर पाए थे, जिसमें से १८ पुलों के नए निर्माण, ६१ पुलों की व्यापक स्तर पर मरम्मत और १०७ पुलों की मामूली मरम्मत की सिफारिश की गई थी. पिछले वर्ष सौंपी गई १८६ पुलों की इस ऑडिट रिपोर्ट के तहत मनपा प्रशासन ने विगत छह महीने में ५० पुलों की मरम्मत की अनुमति दी है. पुराने पुल को तोड़कर नए बनाए जानेवाले १८ पुलों में से पांच फुट ओवर ब्रिज है. ५० पुलों की मरम्मत पर करीब ७३ करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे. शेष १३६ पुलों की स्थिति और दयनीय होती जा रही है.

Leave a Reply