‘ मैं आश्वस्त हूं कि रजनीकांत अपना समर्थन उन पार्टियों को देंगे, जो बीजेपी का विरोध करेंगी ‘ – चिदंबरम

नई दिल्ली । कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने मंगलवार को रजनीकांत के चुनावी राजनीति में शामिल न होने के फैसले पर खुशी जताते हुए कहा कि वे सच्चे हिंदू हैं लेकिन वो एक सेकुलर व्यक्ति हैं और वो बीजेपी को समर्थन नहीं करेंगे। रजनीकांत ने अपने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए चुनावी राजनीति में शामिल न होने का ऐलान किया। इसके पहले वो 31 दिसंबर को राजनीतिक पार्टी की घोषणा करने वाले थे।
पी चिदंबरम ने एक समाचार चैनल से कहा, 'मैं रजनीकांत जी के लिए खुश हूं। मैं सालों से उनका मित्र रहा हूं, साल 1996 से। मैंने उन्हें पहले भी कहा था कि उन्हें सीधे-सीधे राजनीति में नहीं आना चाहिए। उन्होंने 1996 में मजबूत नैतिक प्रभाव डाला था और वो अब भी 2021 और भविष्य में भी मजबूत नैतिक ताकत बन सकते हैं।'
रजनीकांत की ओर से बीजेपी को समर्थन दिए जाने की संभावना पर चिदंबरम ने कहा कि 'मैं आश्वस्त हूं कि वो अपना समर्थन उन पार्टियों को देंगे, जो बीजेपी का विरोध करेंगी।' उन्होंने कहा, 'वो सच्चे हिंदू हैं, लेकिन सेकुलर हैं। उनके फैंस बड़ी संख्या में दलित, ओबीसी, अल्पसंख्यक समुदाय से आते हैं। वो भारत की निम्नवर्ग की जनता की दुर्दशा को समझते हैं।'
ज्ञात रहे कि रजनीकांत ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए मंगलवार को घोषणा की थी कि वो चुनावी राजनीति में शामिल हुए बिना ही जनसेवा करेंगे। उन्होंने एक बयान जारी कर कहा कि 'मैं बहुत दुख के साथ कह रहा हूं कि मैं राजनीति में नहीं आ सकता। मुझे ही पता है कि यह घोषणा मैं कितने दुखी मन से कर रहा हूं। मेरे इस फैसले से मेरे फैंस और लोगों को निराशा होगी, लेकिन कृपया मुझे माफ कर दें।'
