राजनाथ ने कहा, असम में सत्ता में आने के बाद बांग्लादेशी घुसपैठियों को नहीं रहने दिया जाएगा

लुमडिंग । अवैध घुसपैठ पर सभी से राजनीति करने से बचने की अपील करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यदि भाजपा सत्ता में आई,तब बांग्लादेशी घुसपैठियों को असम में नहीं रहने देगी। असम के लुमडिंग में चुनावी रैली को संबोधित कर सिंह ने कहा कि पड़ोसी देश से घुसपैठ को रोकने के लिए भाजपा सरकार ने असम में समूची भारत-बांग्लादेश सीमा पर इलेक्ट्रॉनिक निगरानी प्रणाली स्थापित कर दी है। उन्होंने कहा, हम अवैध घुसपैठ पर राजनीति नहीं होने देने वाले है। हमारी सरकार आने पर असमी संस्कृति और पहचान की रक्षा की जाएगी। यदि हमारा कोई गलत इरादा होता,तब हमारी केन्द्र की सरकार ने डॉ.भूपेन हजारिका को भारत रत्न नहीं दिया होता। असम में बार-बार आने वाली बाढ़ का जिक्र करते हुए सिंह ने कहा कि राज्य में भाजपा के पुन: सत्ता में आने पर समस्या के समाधान का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
