राजस्‍थान में 18 जनवरी से खुलेंगे स्कूलों और कॉलेज, गहलोत सरकार ने ‎लिया फैसला 

जयपुर। राजस्थान की गहलोत सरकार ने 18 जनवरी से स्कूल और कॉलेज को खोलने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी के लिए नए निर्देश जारी किए है। इसके त‎हत 18 जनवरी से 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं, विश्वविद्यालय और महाविद्यालय की अन्तिम वर्ष की कक्षाओं, कोचिंग सेंटर और सरकारी प्रशिक्षण संस्थानों को खोलने जा सकता है। इसी के साथ मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने वैक्सीनेशन की प्रक्रिया के कारण 11 जनवरी से मेडिकल कॉलेज, डेंटल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज और पैरामेडिकल कॉलेज खोलने के भी निर्देश दिए हैं। वहीं, राजस्थान 20 जिलों के 90 निकायों में चुनाव का ऐलान कर दिया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक, 20 जिलों में मतदान 28 जनवरी को होगा। मतदान का समय सुबह 8:00 से शाम 5:00 बजे रखा गया है। 31 जनवरी को मतगणना के बाद नतीजे जारी किए जाएंगे। चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही 20 जिलों में आचार संहिता भी लागू कर दी गई है। निर्वाचन आयोग ने बताया ‎कि 11 जनवरी को लोक सूचना जारी होगी। 15 जनवरी नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि तय की गई है। 16 जनवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 19 जनवरी तक नाम वापस लिए जा सकते हैं। 20 जनवरी को चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा। प्रदेश के 20 जिलों में 90 निकायों में चुनाव होने हैं। इनमें अजमेर, बांसवाड़ा, बीकानेर, भीलवाड़ा, बूंदी, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, चूरू, डूंगरपुर, हनुमानगढ़, जैसलमेर, जालौर, झालावाड़, झुंझुनूं, नागौर, पाली, राजसमंद, सीकर, टोंक और उदयपुर में चुनाव होंगे। इन 90 निकायों के 3035 वार्डों के लिए वोट डाले जायेंगे।

Leave a Reply