रामनवमी: पटना के महावीर मंदिर में श्रद्धाुलओं का तांता, शाम में शोभा यात्राओं की रहेगी धूम

बिहार में आज श्रीरामनवमी की धूम है। इस अवसर पर राजधानी पटना सहित पूरे राज्‍य के मठ-मंदिरों को फूल-मालाओं एवं बिजली के रंग-बिरंगे बल्बों से सजाया गया है। पटना के प्रसिद्ध महावीर मंदिर में तो दर्शन के लिए बीती रात 10 बजे से ही श्रद्धालुओं का तांता लग गया है। श्रीरामनवमी के अवसर पर शाम चार बजे से पटना में 40 भव्‍य शोभायात्राएं निकाली जाएंगी, जिनका स्वागत और सम्मान डाकबंगला चौराहे पर किया जाएगा। रामनवमी को लेकर पूरे बिहार, खासकर पटना में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

महावीर मंदिर में चार लाख श्रद्धालुओं के आने की उम्‍मीद

श्रीरामनवमी को लेकर पटना जंक्‍शन के पास स्थित महावीर मंदिर में देर रात से ही श्रद्धालुओं का तांता लगाहुआ है। रात 12 बजे से ही महावीर मंदिर के गेट से लेकर जीपीओ गोलंबर तक महिला व पुरुष श्रद्धालुओं की दो कतारें लग गईं हैं। महावीर मंदिर न्यास समिति के सचिव आचार्य किशोर कुणाल ने बताया कि शनिवार होने के कारण श्रीरामनवमी के दिन महावीर मंदिर में काफी भीड़ होने की उम्मीद है। रामनवमी के दिन महावीर मंदिर में चार लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है।

20 हजार किलो नैवेद्यम की होगी बिक्री: महावीर मंदिर में श्रीरामनवमी के अवसर पर नैवेद्यम की बिक्री के लिए 14 काउंटर लगाए गए हैं। इन काउंटरों से 20 हजार किलो नैवेद्यम की बिक्री की व्यवस्था की गई है। जरूरत पडऩे पर नैवेद्यम की मात्रा बढ़ाई जा सकती है। नैवेद्यम का कीमत 250 रुपए प्रति किलो रखा गया है।

प्रसाद चढ़ाने के लिए उत्तरी द्वार से होगा प्रवेश: शनिवार को महावीर मंदिर में प्रसाद चढ़ाने वाले श्रद्धालुओं को प्रवेश उत्तरी द्वार से दिया जा रहा है। उनके लिए रात दो बजे से मंदिर का पट दर्शन एवं प्रसाद चढ़ाने के लिए खोल दिया गया है। बिना प्रसाद चढ़ाने वाले श्रद्धालुओं के प्रवेश के लिए मंदिर का पूर्वी द्वार है।

बांसघाट काली मंदिर में एक लाख श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद

पटना के बांसघाट काली मंदिर में श्रीरामनवमी के अवसर पर एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं को आने की उम्मीद है। मंदिर के सचिव शैलेंद्र श्रीवास्तव का कहना है मंदिर प्रबंधन की ओर से रामनवमी के मद्देनजर पूरी तैयारी की गई है। यहां पुलिसकर्मियों की टीम तैनात है। इसके अलावा निजी सुरक्षाकर्मी भी काफी संख्या में तैनात किए गए हैं।

पंचमुखी महावीर मंदिर में सुबह से लगी कतार

पटना के बोरिंग कैनाल रोड स्थित पंचमुखी महावीर मंदिर में सुबह चार बजे से पूजा शुरू है। मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित मनोज कुमार का कहना है कि रामनवमी की तैयारी कर ली गई है। यहां पर राजधानी के कोने-कोने से श्रद्धालु पूजा अर्चना करते आ रहे हैं।

बेल  रोड मंदिर में भी विशेष तैयारी
बेल  रोड स्थित विशाल महावीर मंदिर में भी रामनवमी के मद्देनजर भव्य तैयारी की गई है। यहां पर भी काफी संख्या में श्रद्धालुओं को आने की उम्मीद है। मंदिर प्रबंधन की ओर से भी इसके लिए विशेष व्यवस्था की गई है। यहां पर भी श्रद्धालुओं के लिए नैवेद्यम की व्यवस्था की गई है।

पटना में निकलेंगी 40 भव्‍य शोभा यात्राएं

श्री रामनवमी शोभायात्रा अभिनंदन समिति की ओर से रामनवमी के मौके पर पटना में विभिन्न जगहों से शोभा यात्राएं निकलेगी। शहर में 40 जगहों से निकलने वाली शोभायात्राओं का स्वागत और सम्मान डाकबंगला चौराहे पर किया जाएगा। इसके लिए डाकबंगला चौराहे के इर्दगिर्द के इलाकों को भव्य तरीके से सजाया गया है।  चौराहे पर शंख, डमरू, भजन, तोरण द्वार, कटआउट, लाइट और बेहतर संगीत की व्यवस्था की गई है। 

इन रास्तों से गुजरेंगी शोभायात्राएं: रामनवमी पर निकलने वाली शोभायात्राएं चार विभिन्न स्थानों में होकर गुजरते हुए डाकबंगला चौराहा तक आएंगी। वे रेडियो स्टेशन, कोतवाली थाना, एक्जीबिशन रोड के साथ डाकबंगला चौराहा से महावीर मंदिर तक जाएंगी। सभी शोभायात्राओं को अभिनंदन समिति की ओर से प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
रामायण के कालखंड आकर्षण के केंद्र: रामनवमी के मौके पर लोगों को अद्भुत नजारा दिखाने के लिए चंदननगर (कोलकाता) के कारीगर विद्युत सजावट का काम करेंगे। कलाकारों द्वारा 12 तोरण-द्वार बनाए जाएंगे, जिनपर रामायण के कालखंड के प्रमुख दृश्यों को दिखाया जाएगा। झांकी में रामायण की चौपाई और श्लोक होंगे। शोभायात्रा में शामिल समितियों का स्वागत फूलों की बारिश से होगा।

डाकबंगला चौराहे पर भक्ति गीतों की प्रस्तुति: कार्यक्रम के दौरान भक्ति गीतों से शहर को सराबोर करने के लिए शहर के वरिष्ठ लोक गायक सत्येंद्र कुमार संगीत व उनकी टीम की ओर से भक्ति गीतों की प्रस्तुति डाकबंगला चौराहे पर होगी। जगह-जगह पर लोगों के लिए पानी और शरबत की व्यवस्था की गई है। यात्रा शाम चार बजे से विभिन्न जगहों से निकलते हुए डाकबंगला चौराहा आएगी, जिसका समापन रात 10 बजे होगा।
 

Leave a Reply