राहुल गांधी का केंद्र सरकार पर तंज- आपकी नौकरी गई और ईपीएफ अकाउंट बंद करना पड़ा 

नई दिल्ली । वैश्विक महामारी कोरोना की कारण मोदी सरकार द्वारा लगाए गए लॉकडाउन ने कई लाख लोगों की नौकरियां निगल ली। इस पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को मोदी सरकार पर नौकरियों को लेकर निशाना साधा है। राहुल ने एक खबर का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए ईपीएफ अकाउंट को लेकर सरकार को घेरा है। कांग्रेस नेता ने ट्वीट कर लिखा कि आपकी नौकरी गई और ईपीएफ अकाउंट बंद करना पड़ा। केंद्र सरकार के रोज़गार मिटाओ अभियान की एक और उपलब्धि! राहुल गांधी ने ट्वीट के साथ खबर को शेयर किया है, जिसमें लिखा गया है कि कोरोना महामारी के दौरान लाखों कर्मचारी बेरोजगार हो गए। पिछले 9 महीने में 71 लाख ईपीएफ खाते बंद हुए हैं।
इससे पहले एक दूसरे ट्वीट में राहुल ने लिखा कि पढ़े-लिखे युवा नौकरी के लिए भटक रहे। ऐसा लग रहा है कि सरकार असली डिग्री वाले ओबीसी-एससी-एसटी को प्रताड़ित कर रही। उन्होंने इस ट्वीट के साथ एक रिपोर्ट शेयर की थी, जिसमें आईआईटी, एनआईटी जैसे संस्थानों में खाली पदों का जिक्र था।
वहीं युवा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने एक ट्वीट किया है जिसमें उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज़ कसा है। राजद ने एक वीडियो शेयर किया है जिसमें एक लड़का कह रहा है इस बार अच्छा रिज़ल्ट आयेगा, मेरा फिक्स है इस बार 92फीसदी आयेगा। इस पर पत्रकार कहते हैं कोई सवाल बताइये जो आपको याद हो। तो छात्र कहता है, मेरा तो सेटिंग है। राजद ने वीडियो शेयर कर लिखा 'आज के बिहार में नौकरी मेहनत से पाई नहीं जाती है! उसे मोटी रकम देकर खरीदना पड़ता है! सौजन्य: नीतीश कुमार सरकार!'

Leave a Reply