रिंकू शर्मा हत्याकांड : आरोपी के घर लगातार दूसरे दिन भी हुई तोड़फोड़

नई दिल्ली । राजधानी दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में युवक रिंकू शर्मा की हत्या से गुस्साई भीड़ ने शनिवार को लगातार दूसरे दिन एक आरोपी के घर पर हमला बोला और तोड़फोड़ की। हालांकि सुरक्षाकर्मियों ने सख्ती बरतते हुए तुरंत भीड़ को मौके से हटाया। आरोपी के घर पर हुई तोड़फोड़ की जांच की जा रही है। वहीं, हत्या के कारणों को लेकर लगाए जा रहे आरोप-प्रत्यारोप के बीच इस मामले की जांच अब क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच हत्या की असली वजह का पता लगाएगी। तनाव की स्थिति को देखते हुए इलाके में सुरक्षाबलों की तैनाती कर दी गई है। बावजूद, शनिवार सुबह से ही इलाके में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा होने लगी। घटना को लेकर लोगों में इस कदर आक्रोश है कि सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी में ही उग्र लोगों ने एक आरोपी के घर को निशाना बनाया। लोग दरवाजा तोड़घर में घुस गए। हालांकि सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत भीड़ को काबू में कर हालात को संभाल लिया। आरोपी के घर पर आक्रोशित भीड़ ने पथराव किया था। इसी के तत्काल बाद यहां सुरक्षा बल की तैनाती कर दी गई थी। इलाके में किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। साथ ही पुलिस अधिकारियों द्वारा लोगों से लगातार शांति बरतने की अपील की जा रही है। बहरहाल, इलाके में तनावपूर्ण माहौल है और विभिन्न संगठनों के लोगों द्वारा रिंकू के परिजनों से मिलने व उन्हें सांत्वना देने का सिलसिला जारी है। पुलिस की एक टीम ने शनिवार को मौके का मुआयना किया। वहीं क्राइम ब्रांच की फॉरेंसिक टीम भी साक्ष्य जुटाने में लगी है। तफ्तीश को नए सिरे से आगे बढ़ाने के लिए क्राइम ब्रांच की टीम स्थानीय पुलिस द्वारा तैयार जांच रिपोर्ट ले रही है। क्राइम ब्रांच अब तक सामने आए तथ्यों का विश्लेषण करते हुए दोनों तरफ से हत्या को लेकर लग रहे आरोप-प्रत्यारोप की पूरी तसल्ली से जांच करेगी। क्राइम ब्रांच का कहना है कि इस मामले के चश्मदीदों, आरोपियों और पीड़ित परिवार के बयानों से जुड़ी कड़ियों की परत-दर-परत जांच की जाएगी। रिंकू बालाजी एक्शन अस्पताल में लैब टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत थे। बताया जाता है कि 10 फरवरी को एक रेस्तरां में जन्मदिन की पार्टी चल रही थी। इसी पार्टी में कुछ युवकों का आपस में झगड़ा हो गया था। रिंकू ने बीच-बचाव किया था जिससे गुस्साए आरोपियों ने बाद में घर पर धावा बोलकर रिंकू की चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने अभी तक इस हत्याकांड में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हत्यारोपी रिंकू के ही मोहल्ले के बताए जा रहे हैं। रिंकू की मौत से आहत मां ने कहा है कि उनके बेटे को चाकू मारने वाले आरोपी को फांसी की सजा मिले। वहीं, रिंकू के छोटे भाई मन्नू शर्मा ने बताया कि राम मंदिर निर्माण को लेकर पिछले साल अगस्त में इलाके में मार्च निकाला गया था। इसके बाद रिंकू राम मंदिर निर्माण के लिए चंदा एकत्र करने के अभियान में भी सक्रिय था। इस कारण आरोपी उससे नाराज थे। आरोपियों की परिवारवालों से कहासुनी भी हुई थी। फिर, 10 फरवरी की रात आरोपी घर आकर झगड़ा करने लगे। इस दौरान एक आरोपी ने रिंकू पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। परिजनों ने रिंकू को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। रिंकू शर्मा के परिजनों की तरफ से दिल्ली पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर सुरक्षा की मांग की गई है। रिंकू के भाई ने पत्र में कुछ आरोपियों का नाम लेकर कहा है कि इन्होंने उनके भाई को मार डाला है और अब परिवार के अन्य सदस्यों पर भी हमले का खतरा बना हुआ है। ऐसे में परिवार को सुरक्षा मुहैया कराई जाए। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच कर हत्या की असली वजह पता की जाए।
