वडोदरा के परिवार की पुत्री की इंस्ताबुल में मौत के बाद सुषमा ने की थी मदद

अहमदाबाद | पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का मंगलवार को भले ही दुनिया को अलविदा कर गई हों, लेकिन देशवासी उन्हें भूला नहीं पाएंगे| खासकर ऐसे लोग जिनकी विषम परिस्थितियों में सुषमा स्वराज ने मदद की थी| ऐसा ही वडोदरा का एक परिवार है, जिसकी पुत्री की 31 दिसंबर 2016 की रात इस्तांबुल में हुए आतंकी हमले में मौत हो गई थी| वडोदरा की फैशन डिजाइनर खुशी शाह नामक युवती आतंकी हमले के वक्त इस्तांबुल की नाइट क्लब में नव वर्ष का जश्न मना रही थी| उस वक्त आतंकियों ने अंधाधुंध गोलीबारी की थी| जिसमें 39 लोगों की मौत हो गई थी और 65 लोग घायल हो गए थे| मृतकों में गुजरात की खुशी शाह समेत दो भारतीय शामिल थे| सुषमा स्वराज ने 1 जनवरी 2017 की सुबह ट्वीट कर इसकी जानकारी दी थी| वडोदरा के शाह परिवार ने अपनी प्यारी बेटी गंवाई थी| सुषमा स्वराज ने घटना के बाद तुरंत खुशी शाह के पिता अशोक शाह से बात की और उनके तुर्की जाने से लेकर खुशी का पार्थिव देह वडोदरा लाने की सभी व्यवस्था विदेश मंत्रालय के अधीन की थी| सुषमा स्वराज के निधन से वडोदरा का शाह परिवार भी काफी आहत है| विदेश मंत्रालय जैसे महत्वपूर्ण प्रभार को ट्वीटर के माध्यम से सक्रियता से चलाने वाली सुषमा स्वराज को देश हमेशा याद रखेगा|
