वाहन चेकिंग के दौरान महिला को जड़ा थप्पड़, हंगामे के बाद पुलिस ने किया लाठीचार्ज

लखनऊ. लखनऊ के हुसैनगंज के महाराणा प्रताप चौराहे पर रविवार रात वाहन चेकिंग के दौरान हुए मामूली विवाद ने तूल पकड़ लिया.आरोप है कि इस दौरान महिला सिपाही सुनीता ने उसे थप्पड़ जड़ दिया. इससे नाराज परिवारीजनों व स्थानीय लोगों ने चौराहे पर जाम लगाकर नारेबाजी शुरू कर दी. हंगामे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया और लोगों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा. एसएसपी कलानिधि नैथानी ने सीओ कैसरबाग को मामले की जांच के आदेश दिए हैं.
वाहन चेकिंग के दौरान मांगा पेपर
बता दें कि कैसरबाग के मॉडल हाउस निवासी अजमल की जूतों की दुकान है. बताया जा रहा है कि रविवार रात वह बाइक से कुछ सामान लेने निकला था. इसी बीच महाराणा प्रताप मार्ग पर चेकिंग कर रही कैसरबाग पुलिस ने उसे रोक लिया. पुलिस ने उससे बाइक के पेपर मांगे. अजमल के मुताबिक उसके पास पेपर की फोटोकॉपी थी, जिसे पुलिस ने मानने से इनकार कर दिया.
महिला सिपाही सुनीता पर थप्पड़ जड़ने का आरोप
इस पर उसने अपनी बहन नेहा शर्मा को फोन करके बाइक के मूल कागज लेकर बुलाया. नेहा कागज लेकर मौके पर पहुंची. इस दौरान उसकी पुलिस कर्मियों से नोकझोंक हो गई. नेहा का आरोप है कि कैसरबाग थाने में तैनात एक महिला सिपाही सुनीता ने उसे थप्पड़ जड़ दिया और विरोध करने पर उसके भाई अजमल को हुसैनगंज कोतवाली ले जाकर पीटा गया.
पुलिस ने किया लाठीचार्ज
वहीं घटना की जानकारी नेहा ने परिजनों व परिचितों को फोन पर सूचना दे दी, जिसके बाद सैकड़ों की तादाद में लोग जमा हो गए. लोगों ने महाराणा प्रताप चौराहे पर जाम लगाकर नारेबाजी शुरू कर दी. हंगामे की सूचना पर कैसरबाग, अमीनाबाद, नाका, हजरतगंज और हुसैनगंज थाने की फोर्स बुला ली गई. अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की बहुत कोशिश की लेकिन वह शांत नहीं हुए. इस पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज कर दिया. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा.
