विजय मिश्रा और उनकी पत्नी पर आय से अधिक संपत्ति होने का आरोप, मामला दर्ज

प्रयागराज । आगरा जेल में बंद विजय मिश्रा और उनकी पत्नी रामलली मिश्रा पर आय से अधिक संपत्ति होने का आरोप लगा है। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी। प्रयागराज के हंडिया थाने में विजिलेंस इंस्पेक्टर ओम प्रकाश सिंह ने यह मुकदमा दर्ज कराया है। विजिलेंस से ज्ञानपुर के विधायक विजय मिश्रा और उनकी पत्नी एमएलसी रामलली पर अवैध रूप से नामी, बेनामी, चल और अचल संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगा था। इसके बाद विजिलेंस की जांच में खुलासा हुआ कि इस अवधि में उनकी कुल अर्जित आया दो करोड़ 32 लाख 33 हजार 593 रुपए थी, लेकिन दोनों ने 23 करोड़ 81 लाख 98 हजार 248 रुपए खर्च किए। इस आधार पर आय से अधिक 21 करोड़, 49 लाख 45 हजार 993 रुपए अधिक पाया गया, जो दोनों की अर्जित आय से 924 प्रतिशत ज्यादा है। विजिलेंस ने जांच पाया कि विधायक रहते हुए विजय मिश्रा और रामलली ने 2002 से 2017 के बीच अकूत संपत्ति इकट्ठा की। निर्धारित अवधि में पति-पत्नी की आय 2 करोड़ 32 लाख 33 हजार 593 रुपये थी, जबकि इस अवधि में अर्जित की गई संपत्तियों की कीमत 23 करोड़ 81 लाख 98 हजार 248 रुपये पाई गई। बता दें कि विजय मिश्रा वर्तमान में आगरा जेल में बंद हैं। पिछले महीने भदोही के गोपीगंज थाना क्षेत्र में विधायक की कब्जे वाली दो बीघा जमीन खाली कराकर ग्राम समाज के सुपुर्द कर दिया गया था। विजय मिश्रा पर हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, जबरन कब्जा करने के कुल 76 मुकदमे दर्ज हैं।
