विपक्ष यह समझने में नाकाम है कि EVM मशीन है, वह वोट नहीं दे सकती: देवेंद्र फडणवीस

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि उन्होंने महाराष्ट्र के इतिहास में पहले कभी इतना हताश, निराश और दिशाहीन विपक्ष नहीं देखा. फडणवीस ने यहां प्रेस कान्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि विपक्ष यह समझने में नाकाम है कि ईवीएम एक मशीन है और वह खुद मतदान नहीं कर सकती. मुख्यमंत्री एक महीने के ‘महा जनसंदेश यात्रा’ के तहत शनिवार को नागपुर में आए थे, जिसकी शुरुआत उन्होंने गुरुवार को थी. उनकी यह यात्रा यहां से भंडारा और गोंदिया जिलों में जाएगी.

उनका यह बयान महाराष्ट्र के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बालासाहब थोराट, मनसे प्रमुख राज ठाकरे, एनसीपी के अजित पवार और छगन भुजबल सहित विपक्षी नेताओं द्वारा चुनाव में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के इस्तेमाल और लोकसभा चुनाव के नतीजों को स्तब्ध करने वाला बताए जाने के एक दिन बाद आया है.

भाजपा मतदाताओं से तो विपक्ष ईवीएम से कर रहा है संवाद

मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा, “भाजपा लोगों और मतदाताओं से मिलकर उनसे संवाद कर रही है, जबकि विपक्ष ईवीएम के साथ संवाद कर रहा है. विपक्ष यह समझ नहीं पा रहा है कि ईवीएम केवल मशीन है और स्वयं मतदान नहीं कर सकती है. मतदान मतदाता करते हैं और अगर हम उनसे संवाद करेंगे तो वोट मिलेंगे.’’
तय फार्मूले के तहत करेंगे सीटों का आपस में बंटवारा

देवेंद्र फडणवीस ने कहा, ‘मैं मानता हूं कि विपक्ष हताश, निराश और पूरी तरह से दिशाहीन है. महाराष्ट्र ने अपने इतिहास में कभी ऐसा विपक्ष नहीं देखा.’ उन्होंने कहा कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव सहयोगी दलों के साथ मिल कर लड़ेगी. उन्होंने शिवसेना से कहा है कि पहले से तय फार्मूले के तहत दोनों दल पहले गठबंधन के सहयोगियों की सीटें तय करेंगे फिर अन्य सीटों का आपस में बंटवारा करेंगे.
प्रदर्शन करने की योजना बना रहा कांग्रेसी गिरफ्तार

इससे पहले नागपुर पुलिस ने मुख्यमंत्री की ‘महा जनसंदेश यात्रा’ के खिलाफ प्रदर्शन करने की योजना बना रहे कांग्रेस प्रवक्ता अतुल लोंढे को हिरासत में ले लिया. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक चव्हाण ने निंदा करते हुए सवाल किया कि क्या मुख्यमंत्री से लोकहित से जुड़े सवाल करना अपराध है? फडणवीस ने मामले पर टिप्पणी करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था कायम रखना पुलिस की जिम्मेदारी है और वह उसी के अनुरूप कार्रवाई करती है.
 

Leave a Reply