शामली: खालिस्तानी आतंकियों को हथियार सप्लाई करने वाला आरोपी शख्‍स गिरफ्तार

लखनऊ. यूपी एटीएस (UP ATS) ने शनिवार देर शाम खालिस्तानी आतंकवादियों के मॉड्यूल को हथियार (Weapons) और गोला बारूद (Explosives) की सप्लाई करने वाले आरोपियों को शामली से गिरफ्तार किया है. इनके कब्जे से .32 बोर की पिस्टल, कारतूस और मैगजीन के अलावा तमंचा भी बरामद हुआ है. आरोपियों की पहचान शामली निवासी राज सिंह गोगवान जलालपुर थाना बाबरी और इसी गांव के उसके साथी आसिफ के रूप में की गई है. फिलहाल यूपी एटीएस की टीम दोनों आरोपियों से पूछताछ में जुटी है.

बताया जा रहा है कि पंजाब पुलिस ने जब इस मॉड्यूल को चला रहे लखविंदर सिंह और उसके अन्य साथियों से पूछताछ की तो यह पता चला कि उन लोगों को शामली जिले का राज सिंह नामक व्यक्ति हथियारों के साथ दस हैंड ग्रेनेड, 1 पिस्टल और 20 कारतूस की सप्लाई देने वाला था. पंजाब पुलिस राज सिंह को तलाश कर रही थी. पंजाब पुलिस ने इस संबंध में यूपी एटीएस को भी जानकारी दी. प्रदेश में खालिस्तानी आतंकियों के साथी के सक्रिय होने की सूचना पर एटीएस ने राज सिंह के बारे में जानकारी जुटाई.

खुद को मजदूर बता रहे आरोपी

एटीएस के अफसरों के मुताबिक, राज सिंह पंजाब पुलिस की स्पेशल सेल द्वारा वांछित है. जांच एजेंसी उससे यह जानने की कोशिश कर रही है कि वह ग्रेनेड कहां से लाता था. हालांकि, ये दोनों खुद को मजदूर बता रहे हैं. फिलहाल यूपी एटीएस और खुफिया एजेंसियां आरोपियों से पूछताछ कर रही है.

Leave a Reply