शिवराज ने कर्जमाफी पर उठाए सवाल, राहुल बोले- आपके भाई का भी हुआ माफ

ग्वालियर: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस की कर्जमाफी की घोषणा पर सवालिया निशान उठाते हुए कहा है कि इसका लाभ अभी तक लोगों को नहीं मिला है. इसके जवाब में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के अपने दौरे के दौरान यहां कहा कि कर्ज तो शिवराज के भाई और चाचा के लड़के का भी माफ हुआ है. राहुल गांधी ने बुधवार को भिंड, मुरैना और ग्वालियर में जनसभाओं (lok sabha elections 2019) को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमत्री चौहान को आड़े हाथों लिया और कहा, "मुख्यमंत्री कमलनाथ ने बताया है कि राज्य में किसानों का कर्ज माफ हुआ है. उनमें चौहान के भाई राहित सिंह और चाचा के लड़के भी शामिल हैं."
कांग्रेस का दावा
ज्ञात हो कि राज्य में कांग्रेस की सरकार दावा कर रही है कि 21 लाख किसानों का दो लाख रुपये तक का कर्ज माफ हो चुका है, जबकि भाजपा राज्य सरकार के दावे को झूठा बता रही है. इसी को लेकर गांधी ने जवाब दिया. राहुल गांधी ने कर्जमाफी का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री कमलनाथ से कहा, "वह सूची बताइए जो आप मुझे अपने सेल फोन पर दिखा रहे थे, उसमें किसके नाम हैं." इस पर कमलनाथ ने कहा कि चौहान के भाई रोहित सिंह चौहान और चाचा के लड़के का भी कर्ज माफ हुआ है.
राहुल गांधी ने नरेंद्र मोदी के सत्ता में न लौटने का दावा किया, "नरेंद्र मोदी लौट कर नहीं आ रहे, फ्लाप शो, खत्म, वह घड़ी गई, उनके चेहरे को देख लो, उनकी ऊर्जा को देख लो. उदास से हैं, वह हार रहे हैं चुनाव. इसलिए कांग्रेस को मध्य प्रदेश में पूरी ताकत लगानी है."
गांधी ने एक बार फिर 'चौकीदार चोर है' का नारा दोहराया. उन्होंने राफेल सौदे का जिक्र किया और कहा, "मेरे पास सबूत है कि चौकीदार चोर है. जब भी बोलता हूं सबूत लेकर बोलता हूं. फ्रांस के राष्ट्रपति ने बोला था कि हिंदुस्तान के चौकीदार प्रधानमंत्री मोदी ने उनसे कहा था कि हवाई जहाज भारत में नहीं फ्रांस में बनेगा और 526 करोड़ रुपये का हवाई जहाज नहीं खरीदा जाएगा, 1600 करोड़ रुपये का हवाई जहाज खरीदा जाएगा."
