शिवालयों में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

अलीगढ़ । महाशिवरात्रि पर्व पर शहर के शिवालयों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ना शुरू हो गया। शहर के प्रसिद्ध सिद्धपीठ शिव मंदिर खेरेश्वरधाम मंदिर में श्रद्धालु तड़के चार बजे से दर्शन किए। यहां दोपहर तक दर्शन करने वाले शिवभक्तों की लंबी कतार लगी रहती है। शाम को महाआरती होगी। अचलताल स्थित अचलेश्वरधाम मंदिर में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गई। यहां भी बड़ी संख्या में शिव भक्त जलाभिषेक किया।जयगंज स्थित मंगलेश्वर महादेव मंदिर में भी बड़ी संख्या में शिव भक्त जलाभिषेक करेंगे। यहां शहर के बीच के शिव भक्त दर्शन करने के लिए आते हैं। वहीं, महाशिवरात्रि पर्व को लेकर आज विशाल शोभायात्रा भी निकाली जाएगी। मंगलेश्वर महादेव मंदिर के प्रवक्ता अंकित वार्ष्णेय ने बताया कि आज दोपहर तीन बजे से भगवान शंकर की शोभायात्रा निकाली जाएगी। पूर्व कैबिनेट मंत्री ठा. जयवीर सिंह शोभायात्रा का शुभारंभ करेंगे। यह शोभायात्रा सब्जी मंडी से होकर शहर की गलियों से होते हुए फिर शिव मंदिर पहुंचेगी। अंकित ने बताया कि शोभायात्रा में भक्तों का सैलाब देखते ही बनता है। भव्य शोभायात्रा भी शामिल होंगी। शिव भक्त भजन-कीर्तन करते हुए चलते हैं। यह शोभायात्रा 100 वर्ष से अधिक समय से निकाली जा रही है, इसलिए पूरे क्षेत्र में श्रद्धालुओं में अपार उत्साह रहता है। वहीं, जयगंज स्थित राज राजेश्वर मंदिर, नागेश्वर व गौरंग प्रेम मंडल की ओर से भी विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। इन मंदिरों से भी प्राचीन समय से यात्रा निकाली जा रही है। यह तीनों शोभायात्रा भी मंगलेश्वर महादेव मंदिर के साथ मिल जाती हैं। इसके बाद तो उत्साह देखते ही बनता है।
