सलमान खान की फिल्म ‘वीर’ के प्रोड्यूसर विजय गलानी का लंदन में निधन, ब्लड कैंसर से थे पीड़ित

सलमान खान की फिल्म 'वीर' के प्रोड्यूसर विजय गलानी का बुधवार रात को 50 साल की उम्र में निधन हो गया है। विजय ने लंदन के एक अस्पताल में आखिरी सांस ली। वे तीन महीने पहले ब्लड कैंसर के इलाज के लिए भारत से UK पहुंचे थे। वे वहां अपनी फैमिली के साथ बोन मैरो ट्रांस्प्लांट कराने के लिए लंदन गए थे। वहां जाने के कुछ महीने पहले ही उन्हें अपनी इस बीमारी के बारे में पता चला था।
विजय गलानी एक बहुत ही सफल प्रोड्यूसर थे, जो बॉलीवुड के बिजनेस मॉडल को जानते थे। गलानी कई प्रमुख एक्टर्स के भी काफी करीब थे। एक प्रोड्यूसर के तौर विजय ने 'सूर्यवंशी' (1992), 'अचानक' (1998) जैसी कई फिल्में की हैं। उन्होंने 2001 में 'अजनबी' का निर्माण भी किया था, जिसमें अक्षय कुमार, बॉबी देओल, करीना कपूर खान और बिपाशा बसु ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं।
2010 में गलानी ने सलमान खान की 'वीर' को प्रोड्यूस किया था। जिसमें सलमान के अलावा मिथुन चक्रवर्ती, जैकी श्रॉफ, जरीन खान, सोहेल खान ने भी लीड रोल प्ले किया था। विद्युत जामवाल, श्रुति हासन, जाकिर हुसैन, प्रतीक बब्बर, सचिन खेडेकर और जिशु सेनगुप्ता अभिनीत उनकी आखिरी प्रोडक्शन फिल्म 'द पावर' थी। इस एक्शन एंटरटेनर को इस साल 14 जनवरी को एक ओटीटी प्लेटफॉर्म जी-5 पर रिलीज किया गया था। बता दें कि गलानी अपने पीछे परिवार में पत्नी, बेटा और बेटी को छोड़ गए हैं।
