सिंधु ने बिंग जियाओ को हराकर अभियान का अंत किया
ग्वांग्ज । खिताब की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकीं भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु ने ग्रुप ए के अपने तीसरे और अंतिम मैच में चीन की ही बिंग जियाओ पर सांत्वना जीत दर्ज करके वर्ष के आखिरी टूर्नामेंट बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर फाइनल में अपने अभियान का सकारात्मक अंत किया। पिछले साल की चैंपियन सिंधु अपने पहले दोनों मैच गंवाने के कारण खिताब की दौड़ से पहले ही बाहर हो गई थीं। बिंग जियाओ के खिलाफ भी पहले गेम में वह 9-18 से पीछे चल रही थी लेकिन इसके बाद उन्होंने बेहतरीन वापसी की ओर 21-19, 21-19 से जीत दर्ज करके ग्रुप में तीसरा स्थान हासिल किया। इस जीत से सिंधू ने इस चीनी खिलाड़ी के खिलाफ लगातार चार हार का सिलसिला भी तोड़ दिया। अब उनका एक दूसरे के खिलाफ रेकॉर्ड 6-9 है। भारतीय खिलाड़ी शुरू में लय हासिल नहीं कर पाईं और बिंगजियाओ ने पहले गेम में शुरू में 7-3 और ब्रेक तक 11-6 से बढ़त बना ली।
