सीएम योगी आज ABVP के अधिवेशन में शामिल होने जाएंगे आगरा

आगरा. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) सोमवार को आगरा कॉलेज मैदान पर चल रहे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के 65वें अधिवेशन में शामिल होंगे. इस दौरान वो यहां यशवंत राव केलकर युवा पुरस्कार वितरण भी करेंगे. जानकारी के मुताबिक अधिवेशन में ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा सहित कई मंत्री भी आएंगे.वहीं विकास की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा के लिए मुख्यमंत्री की बैठक प्रस्तावित तो नहीं है, लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों ने इसकी पूरी तैयारी कर ली है. वो हरीपर्वत, नाई की मंडी थाना, एसएन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर सकते हैं. इसके मद्देनजर तैयारी की गई है।
जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, सीएम योगी गोरखपुर से रवाना होकर सुबह लगभग 11 बजे आगरा के खेरिया हवाई अड्डे पर उतरेंगे. यहां से वह सीधे आगरा कॉलेज मैदान पहुंचेंगे. यहां दोपहर 1:20 बजे तक रहेंगे. 1:30 बजे लखनऊ के लिए रवाना होंगे. बता दें कि ABVP का राष्ट्रीय अधिवेशन पिछली बार गुजरात में हुआ था और इस बार आगरा में 22 से 25 नवंबर तक होगा. JNU के छात्रसंघ अध्यक्ष के चुनाव में छात्रों की लेफ्ट विंग को कड़ी टक्कर देने वाली ABVP की नव नियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री निधि त्रिपाठी खुद कार्यक्रम की तैयारियों में जुटी हैं.
ABVP के 65 वें राष्ट्रीय अधिवेशन का रंग ताज नगरी के शहर पर भी चढ़ा नजर आ रहा है. शहर की सभी सड़कों के किनारे ABVP के ध्वज लहराने लगे हैं. जगह-जगह स्वागत द्वार बनाये गए हैं. आयोजक इस राष्ट्रीय अधिवेशन को यादगार बनाना चाहते हैं, इसलिए तैयारियों में कोई कसर बाकी नहीं रखना चाहते हैं.
