स्वर्ण व्यवसाई से लूटा गया 2.395 किलो सोना, 56 किलो चांदी और 1.46 करोड़ रुपए बरामद

पटना। पटना के स्वर्ण व्यवसाई और उनके वाहन को हाइजेक कर लूटकांड की घटना को अंजाम देने वाले दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लूट के सारे समान को भी बरामाद कर लिया गया है। इसके पूर्व कोडरमा हज़ारीबाग हाइवे पर अपराधियो ने स्वर्ण व्यवसाई से 2 किलो 395 ग्राम सोना, 56 किलो चांदी और 1 करोड़ 46 लाख रुपए पिस्टल की नोक पर लूट लिए थे। इस मामले में कोडरमा पुलिस द्वारा अलर्ट जारी किया गया था। इसके बाद रांची के सभी एंट्री और एक्जिट पॉइंट पर चेकिंग शुरू की गई। इसी दौरान  पुलिस ने सिकिदरी घाटी में उस गाड़ी तथा उसमें सवार दो आरोपियों को लूट के सारे सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया। वहीं, मामले में अब भी 2 आरोपी फरार है, जिनकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
  पुलिस गिरफ्त में आए आरोपियों में धीरज कुमार बक्सर जिले का रहने वाला है तो वही दूसरा आरोपी राहुल यादव बक्सर जिले का ही निवासी है। मामले की जानकारी देते हुए रांची एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा ने बताया कि स्वर्ण व्यवसाई की कई दिनों से रेकी की जा रही थी और हर गतिविधि पर भी नज़र रखी जा रही थी। इसके बाद इस घटना को अंजाम दिया। अपराधियों द्वारा पटना से ही व्यवसाई का पीछा किया गया था। फिर, कोडरमा हज़ारीबाग रोड पर इस लूट को अंजाम दिया गया। उन्होंने बताया कि फिलहाल मामले में बिहार पुलिस से भी संपर्क साधा गया है और अन्य आरोपियों की तलाश भी की जा रही है। वहीं, अबतक जो जानकारी मिली है उसके अनुसार इस गिरोह द्वारा कई घटनाओं को अंजाम दिया गया है। जानकारी के अनुसार व्यवसाई पटना से अपने व्यवसाय के सिलसिले में कोलकाता जा रहे थे जिसकी पुख्ता जानकारी अपराधियों के पास थी।

Leave a Reply