स्वाइन फ्लू से मासूम बच्ची की मौत

डोंबिवली। मुंबई से सटे कल्याण-डोंबिवली में स्वाइन फ्लू का कहर बढ़ता जा रहा है. इस बीमारी की चपेट में आने से डोंबिवली निवासी एक २ साल की मासूम बच्ची पीयूषा साहिल की मौत हो गई. पिछले डेढ़ महीने में कल्याण-डोंबिवली में स्वाइन फ्लू से ये चौथी मौत है. मिली जानकारी के अनुसार डोंबिवली के राजू नगर में रहने वाले साहिल की लड़की पियुषा को 2 दिन से बुखार आ रहा था. उसको हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था. इलाज के दौरान डॉक्टरों ने पियुषा को मृत घोषित कर दिया. पियुषा की छोटी बहन को भी बुखार आ रहा है. उसकी भी जांच की जा रही है. बताया गया है कि कल्याण-डोंबिवली में डेढ़ महीने में स्वाइन फ्लू के 28 से अधिक मरीज मिले हैं जिनमें ४ मरीजों की मौत हुई है. साथ ही बारिश की वजह से दूसरे रोग भी पैर पसार रहे हैं. डेंगी, मलेरिया, बुखार के बाद स्वाइन फ्लू पूरे शहर में फैलने के कारण कल्याण-डोंबिवली के नागरिकों में डर का माहौल देखा जा रहा है. आश्चर्य की बात ये है कि स्वाइन फ्लू के उपचार के लिए महानगरपालिका के हॉस्पिटल में न तो डॉक्टर हैं और न ही आईसीयू जिसके कारण मरीजों को प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज करवाना पड़ रहा है. वहीं, स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि स्वाइन फ्लू की दवाई हॉस्पिटल में मौजूद है. लेकिन जांच करने के लिए जो सरकारी मशीनरी चाहिए, वह हमारे पास नहीं है. महानगर पालिका ने 30 आरोग्य शिविर लगाए थे। इनमें स्वाइन फ्लू से बचने के बारे में जानकारी दी गई थी.
