स्वामीनारायण मंदिर में रहकर पढाई करनेवाले छात्र ने फांसी लगाकर जान दी

जूनागढ़ | शहर के जवाहर रोड स्थित स्वामीनारायण मंदिर में रहकर पढ़ाई कर रहे एक छात्र के फांसी लगाकर आत्महत्या करने की घटना से सनसनी फैल गई| छात्र ने किस वजह से आत्महत्या की, इसका फिलहाल कोई पता नहीं चला| पुलिस मामले की जांच कर रही है| जानकारी के मुताबिक अमरेली जिले की बगसरा तहसील के पीपरिय गांव का मूल निवासी उत्सव ठुमर जूनागढ़ के जवाहर रोड स्थित स्वामीनारायण मंदिर में रहकर पढ़ाई करता था| आज सुबह मंगला आरती के बाद जेपी स्वामी जब उत्सव के कमरे गए, तब उसका शव लटकता देख स्तब्ध रह गए| जेपी स्वामी ने तुरंत मंदिर के अन्य संतों और पुलिस समेत उसके परिवार को घटना की जानकारी दी| जेपी स्वामी के मुताबिक रात 10 बजे तक उत्सव उनके साथ था और वह काफी खुश था| सोने जाने से पहले उत्सव ने उनसे कहा था कि आज ठंड कम होने की वजह से भगवान को एक कपड़ा कम उढाया है| ताकि भगवान को गर्मी न लगे| आज सुबह की मंगला आरती में उत्सव को नहीं देख मैं उसके कमरे में गया| जहां उसका शव पंखे से लटक रहा था| जिसके बाद मैंने मंदिर के अन्य संतों समेत पुलिस को घटना की जानकारी दी| उत्सव ठुमर के ताऊ ने बताया कि वह पांच साल की आयु से स्वामी के साथ रहकर पढ़ाई कर रहा था और उस पर किसी प्रकार का दबाव नहीं था| उत्सव को जब कोरोना हुआ था तब उसका मुझे फोन आया था और बताया था कि उसकी तबियत ठीक है| आज सुबह ही उत्सव के आत्महत्या करने के बारे में उन्हें जानकारी मिली| पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच शुरू की है|
