हनी ट्रैप: पाक एजेंट को जानकारी देने के आरोप में एक सैनिक गिरफ्तार

राजस्थान पुलिस की खुफिया इकाई के अधिकारियों ने बुधवार को सेना के एक जवान को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार जवान पर पाकिस्तान के आईएसआई की महिला एजेंट के झांसे में आकर भारतीय सेना के बारे में गोपनीय और रणनीतिक जानकारी साझा करने का आरोप है।अधिकारियों ने बताया कि राजस्थान के पोखरण में तैनात जवान विचित्र बेहरा पर शक के आधार पर नजर रखी जा रही थी। उसे और एक अन्य जवान को मंगलवार को जासूसी के संदेह में गिरफ्तार किया गया। एक शीर्ष खुफिया अधिकारी ने बताया कि ‘यह देखा गया कि बेहरा, फेसबुक और व्हाट्सएप के माध्यम से पाकिस्तानी आईएसआई की महिला एजेंट के मोहपाश में फंसकर भारतीय सेना के बारे में उसे गोपनीय जानकारी दे रहा था।’
उन्होंने बताया कि ‘जांच में विचित्र बेहरा के इन गोपनीय जानकारियों के बदले में पाकिस्तानी एजेंट से धनराशि मांगने तथा वांछित राशि अपने बैंक खाते में हस्तांतरित कराने का पता चला।’ पूछताछ के दौरान बेहरा ने खुलासा किया कि ‘पाकिस्तानी एजेंट फेसबुक के माध्यम से लगभग दो वर्ष पूर्व उससे दोस्ती की थी। यह महिला शुरुआत में उससे फेसबुक पर चैट करती थी और वीडियो कॉलिंग के जरिये भी उसके संपर्क में थी।’
