हरियाणा के CM मनोहर लाल खट्टर बोले- अब हम भी ला सकेंगे कश्मीरी बहू

जम्मू-कश्मीर (Jammu-Kashmir) से केंद्र सरकार ने अनुच्छेद 370 (Article 370) को खत्म कर दिया है. इसके बाद जम्मू-कश्मीर और लद्दाख दो नए केंद्रशासित प्रदेश बनाए गए हैं. 370 के हटाए जाने को लेकर घाटी में तनाव की स्थिती बनी हुई है. वहीं हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर (Manohar Lal Khattar) ने कहा है कि अब हम भी कश्मीरी बहू ला सकते हैं.
शुक्रवार को एक कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा दिए गए इस बयान से विवाद खड़ा हो गया. उन्होंने कहा कि हमारे मंत्री ओपी धनखड़ कहते थे कि वह बिहार से 'बहू' लाएंगे. आजकल लोग कह रहे हैं कि कश्मीर का रास्ता साफ हो गया है. अब हम कश्मीर से लड़कियां लाएंगे.
इससे पहले भी मुख्यमंत्री खट्टर ने विवादित बयान दिया है. नवंबर 2018 में उन्होंने रेप को लेकर विवादित बयानबाजी की थी. उन्होंने कहा था कि रेप और छेड़छाड़ की 80 से 90 फीसदी घटनाएं जानकारों के बीच होती हैं. कपल काफी वक्त के लिए इकट्ठे घूमते हैं, एक दिन अनबन हो जाती है तो उस दिन एफआईआर करवा देते हैं कि इसने मेरा रेप किया.
