हिमाचल: कैम्पेन का आज आखिरी दिन, BJP ने कांग्रेस से कीं 80% ज्यादा रैलियां

शिमला. हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार मंगलवार शाम 5 बजे थम जाएगा। 9 नवंबर को प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों के लिए होने वाले चुनाव से 38 घंटे पहले प्रचार खत्म होगा। आखिरी दिन कांग्रेस और बीजेपी की प्रदेश में कई बड़ी रैलियां हैं। कांग्रेस के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के बडुसाहब और हरोली के लालडी में जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं, सीएम वीरभद्र सिंह अपने क्षेत्र अर्की के कुनिहार और बेटे विक्रमादित्य सिंह के लिए घणहट्टी में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। इस बार बीजेपी 197 और कांग्रेस ने 110 रैलियां की हैं। यानि 80% ज्यादा।

राजनाथ, स्मृति भी करेंगे सभा

 

– पार्टी के सीएम कैंडिडेट प्रेम कुमार धूमल जोगिंद्रनगर में जनसभा करेंगे।

– राजनाथ सिंह चंबा के चौगान और बड़सर मे होंगे। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी द्रंग, डाडा सीबा, भोरंज के भरेड़ी में रैली में भाग लेंगी। 

– उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत रोहड़ू के डोडरा कवार में जनसभा को संबोधित करेंगे।

कांग्रेस के स्टार रहे वीरभद्र, बीजेपी से मोदी और शाह

– हिमाचल के चुनाव में इस बार कांग्रेस और बीजेपी ने 300 से ज्यादा रैलियां करवाईं।

– कांग्रेस ने 110 तो बीजेपी ने प्रदेश में 197 चुनावी जनसभाएं करवाईं। बीजेपी ने चुनावी जंग जीतने के लिए नरेंद्र मोदी और अमित शाह समेत कैबिनेट के 10 से ज्यादा नेताओं को हिमाचल के पहाड़ों में दौड़ाया।

– वहीं, कांग्रेस के लिए राहुल गांधी, अमरिंदर सिंह समेत कई कांग्रेस नेताओं ने मैदान संभाला। 

– कांग्रेस की ओर से सबसे ज्यादा रैलियां सीएम वीरभद्र सिंह ने कीं।

प्रदेश में है कांग्रेस सरकार

– हिमाचल प्रदेश में कुल 68 विधानसभा सीटे हैं। पिछले चुनावों में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी और उसने बीजेपी को 9 सीटों से मात दी थी।

– 2012 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी 36 सीटों पर काबिज हुई थी, जबकि बीजेपी ने 27 सीटों पर जीत हासिल की थी।

– इनके अलावा 4 निर्दलीय और 1 सीट हिमाचल लोकहित पार्टी के हिस्से में आई थी।

– उस बार बीजेपी को राज्य में जीत की पूरी उम्मीद थी, लेकिन प्रदेश के सबसे बड़े जिले कांगड़ा ने बीजेपी की उम्मीदों पर पानी फेर दिया और बीजेपी को वहां सिर्फ 3 सीटें ही मिल पाई थीं।

– कांग्रेस ने कांगड़ा में 10 सीटें जीतकर सरकार बना ली। मंडी जिले में कांटे की टक्कर रही और दोनों दलों ने बराबर सीटें हासिल कीं।

– तीसरे सबसे बड़े जिला शिमला में भी कांग्रेस ने 8 में से 6 सीटों पर कब्जा किया था।

हिमाचल प्रदेश के पिछले विधानसभा चुनाव पर एक नजर

पार्टी 2012 विधानसभा चुनाव वोट शेयर 2014 लोकसभा चुनाव

कांग्रेस 36 42.8% 04

बीजेपी 26 38.5% 00

एचएलपी 1 1.9% 00

इंडिपेंडेंट्स 5 12.1% 00

* विधानसभा की 68 सीटें, लोकसभा की 4 सीटें हैं।

Leave a Reply