होशंगाबाद आग की लपटों से घिरा, सैकड़ों एकड़ फसल सहित मजदूर झुलसे, एक की मौत

हाेशंगाबाद. शुक्रवार शाम 18 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी के कारण भड़की आग से शहर से लगे 30 गांवों में खेतों की गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। देर रात तक कुलामढ़ी, रसूलिया, निमसाड़िया समेत अन्य गांवों में घरों तक आग पहुंच गई थी, जिसकी 10 से 15 फीट ऊंची लपटों से होशंगाबाद घिर गया। आग इतनी भयानक थी कि बारिश से भी नहीं बुझी।
बताया जाता है कि नरवाई में आग लगी थी, जो आंधी से अन्य खेतों में फैलती गई। घटना में पांजराकलां निवासी दिलीप (28) पुत्र गुलाब चौरे और अमित (32) पुत्र टेकचंद चौरे की जलने से मौत हो गई। 25 से ज्यादा लोग झुलस गए। एक व्यक्ति को गंभीर हालत में भोपाल रैफर किया गया। कई ग्रामीण लापता हैं।
इन गांवों में फसल जली
कुलामड़ी, निमसाड़िया, गाैरा, खाेजनपुर, निटाया, फेफरताल, सिवनी मालवा, शिवपुर, पांजरा, पथाैड़ी समेत 30 गांवाें में फसल जली है। रात 11 बजे तक प्रशासन नुकसान का आकलन नहीं कर पाया।
घर में गिरे गुल, लोगों ने सिलेंडर बाहर निकाले
आग से पांजरा, निमसाड़िया, बडोदिया कला, निटाया में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। इन गांवों के कई लोग लापता हैं। वहीं रसूलिया गीता भवन के पीछे नरवाई की आग रहवासी क्षेत्र तक पहुंच गई। साईं ग्रीन सिटी में घरों में नरवाई के गुल चले गए, हालांकि आग नहीं लगी। लोगों ने घर में रखे 2 गैस सिलेंडर बाहर निकाले।
13 फीडर से सप्लाई ठप, इलाके में ब्लैकआउट
आंधी के कारण बिजली कंपनी सभी 13 फीडर बंद हो गए। इससे होशंगाबाद शहर समेत गांवों में ब्लैकआउट रहा। इटारसी, सिवनीमालवा समेत ग्रामीण क्षेत्र में बारिश हुई। रात 2 बजे तक आग से झुलसे लोग अस्पताल पहुंचते रहे। प्रशासन ने जिला अस्पताल को अलर्ट पर रखा है।
एक ही परिवार के तीन लोग झुलसे : इटारसी से सरगांव जा रहा चमन मालवीय का परिवार गेहूं की फसल में लगी आग की चपेट में आ गया। इससे पत्नी क्षमा मालवीय, बेटी और बेटा नितिन बुरी तरह झुलस गए।
ये झुलसे : प्रवीण (28) पुत्र पुरुषोत्तम तवापुल, चंदा कीर (29) पत्नी चमन कीर तवापुल, मनजीत (24) पुत्र नटवरलाल मेहरागांव, करन यादव (30) पुत्र जगदीश आंचलखेड़ा, रामउधार चौरे (30) पुरानी इटारसी, क्षमा पुरानी (24) पत्नी कमल पुरानी इटारसी, चमन कीर (30) पत्नी बालमुकुंद, नैंसी चमन कीर (44), जहालसर, मुकेश (20) पुत्र रमेश जावली, हबीब खान (55) भोपाल, छोटे यादव (30) पुत्र जमनादास पांजराकलां, रोहित कुमार (18) पांजराकलां, गुलाब बाई (40) होशंगाबाद, मनोज कीर (38) पुत्र पुरुषोत्तम आंचलखेड़ा, यातीन (24) पुत्र चमन कीर तवा पुल।
