13 साल के लड़के ने 3 साल की बच्ची के साथ किया रेप, जानिए कैसे हुआ खुलासा

भोपाल से 322 किलोमीटर उत्तर पूर्व में स्थित छत्तरपुर में एक ऐसे रेप केस सामने आया है, जिसमें पीड़ित और आरोपी की उम्र से सभी हैरान हैं। यहां 13 साल के एक लड़के पर 3 साल की बच्ची से रेप का आरोप है। पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी को पकड़ लिया गया है।
पुलिस ने सोमवार को लड़के को आईपीसी की धारा 376 (रेप) और बाल यौन अपराध संरक्षण कानून (पोक्सो) की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज करके हिरासत में ले लिया। कोतवाली पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर अरविंद सिंह धांगी ने बताया कि आरोपी को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया गया और फिर सुधार गृह भेज दिया गया है।
धांगी ने कहा, ''लड़का पड़ोस में ही रहता था और रविवार शाम वह बच्ची को अपने घर ले गया और उसके साथ रेप किया। जब बच्ची की मां उसे लेने आई तो देखा कि उसने कपड़े नहीं पहने हुई थी और रो रही थी। उसे लगा कि लड़के ने बच्ची के साथ दुर्व्यवहार किया होगा। उसने लड़के को डांटा और बच्ची को घर ले गई। लेकिन रातभर बच्ची रोती रही तो मां ने अगले दिन डॉक्टर से संपर्क किया तो पता चला कि उसके साथ रेप हुआ है।''
बच्ची के परिवारवालों ने सोमवार को पुलिस को शिकायत दी। बच्ची को छत्तरपुर में एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालात स्थिर बताई गई है।
