25 फरवरी से भोपाल की सभी ग्राम पंचायतों में कबड्डी  प्रतियोगिता

भोपाल । जिले में युवाओं के स्वास्थ्य और इम्यून सिस्टम को मजबूत करने के लिये पारंपरिक खेल गतिविधियों को बढ़ावा और ग्रामीण युवाओं को आगे लाने के लिए भोपाल जिले की सभी ग्राम पंचायतों से संभाग स्तर तक कबड्डी टूर्नामेंट होगा। जिला पंचायत सीईओ विकास मिश्रा की अध्यक्षता में हुई बैठक में खेल युवा कल्याण, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य आदि विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। 
सीईओ विकास मिश्रा ने जिला स्तरीय अधिकारियों और स्कूल के प्राचार्यो की बैठक में बताया कि 25 फरवरी से ग्राम पंचायत स्तर से कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन शुरू होगा। ग्राम पंचायतों की विजेता टीम का ग्राम पंचायतों के समूह या क्लस्टर पर टूर्नामेंट होगा। जीती टीम का मुकाबला विकासखंड स्तर पर होगा और विकासखंड में जीती टीम जिला स्तरीय टूर्नामेंट खेलेगी। जिलों में जीत दर्ज करने वाली टीम अंत में संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेगी।
ग्राम पंचायत से लेकर जिला स्तर तक होने वाली इस टूर्नामेंट में हितग्राही मूलक शासन की योजनाओं का प्रचार प्रसार भी होगा। खिलाड़ियों की आवास व्यवस्था अनुसूचित जाति और जनजाति के आश्रम तथा छात्रावासों में की जाए। उन्होंने पंचायत नगरीय निकाय विभाग को व्यवस्थाओं के समन्वय के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply